भुवनेश्वर: ईसाई मिशनरियां अब शहर के होटलों में कनवर्जन के प्रयास में लगे हुए हैं । विभिन्न इलाकों से लोगों को बहला फुसला कर विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर कार्यशाला के नाम पर भुवनेश्वर के होटल में बुला कर ब्रेन वाश कर उन्हें ईसाईयत में कनवर्ट करने का प्रयास कर रहे हैं । इस तरह का एक मामला भुवनेश्वर में देखने को मिला है । राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके स्थित एक होटल में कनवर्जन की गतिविधियां देखने को मिली । मामले की सूचना मिलने पर कमिश्नरेट पुलिस ने होटल में छापेमारी की, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को शिकायत मिली थी कि नयापल्ली के एक होटल के कमरे में कनवर्जन से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंदर प्रवेश किया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई के बाद होटल के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और कनवर्जन की गतिविधियों को लेकर कड़ा विरोध जताया।
ईसाई साहित्य और किताबें बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरे से एक ईसाई मजहब का साहित्य और कई किताबें बरामद कीं। मौके पर मौजूद चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि राजधानी भुवनेश्वर के एक होटल में प्रशासन के नाक के नीचे गैर कानूनी तरीके से कनवर्जन की गतिविधि चल रही है तथा प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है । उन्होंने आरोप लगाया कि इस होटल में पहली बार इस तरह की गैर कानूनी गतिविधि नहीं हो रही है । इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियां नियमित रुप से संचालित हो रही है । लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि राज्य में गैर कानूनी तरीके से कनवर्जन को रोकने के लिए कानून होने के बावजूद इसे रोकने के लिए प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है।
उन्होनें कहा कि य़ह सारा कार्य एनजीओ के नाम पर कार्यशाला के नाम पर किया जा रहा है ताकि किसी को किसी प्रकार का संदेह न हो । यहां से जो कागज बरामद हुए हैं उसमें हिन्दुओं को कनवर्ट करने के लिए कौन सी रणनीति अपनाई जाए, इसका उल्लेख है ।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और होटल के कमरे में संचालित गतिविधियों की प्रकृति का पता लगाया जा रहा है। हिरासत में लिए गए लोगों, होटल कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने शहरभर में व्यापक चर्चा छेड़ दी है और निजी प्रतिष्ठानों तथा होटलों में धार्मिक गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसीपी ने क्या कहा?
ज़ोन-5 के एसीपी विश्वरंजन सेनापति ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ये लोग यहां होटल में लोगों को बुलाकर धर्मांतरण से संबंधित बैठक कर रहे थे। सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंचे और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। यहां से बड़ी संख्या में बाइबल और ईसाई धर्म से जुड़ी अन्य किताबें भी बरामद हुई हैं। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जाएगी।”











