खाड़ी युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि उन्होंने ईरान के साथ चल रही जंग के सबसे तेज समय में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का गुप्त दौरा किया। वहां उन्होंने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की।
इस बात की जानकारी इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार रात को बताया कि यह मुलाकात 26 मार्च को अल आइन शहर में हुई, जो ओमान बॉर्डर के पास एक ओएसिस शहर है। दोनों नेताओं ने कई घंटे बातचीत की। कार्यालय के मुताबिक, इस मुलाकात से इजरायल और UAE के बीच रिश्तों में “ऐतिहासिक प्रगति” हुई है।
UAE का इनकार
लेकिन UAE के विदेश मंत्रालय ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू के दौरे की खबरें “बेबुनियाद” हैं। UAE की तरफ से साफ कहा गया कि उनके रिश्ते गोपनीयता या गुप्त सौदों पर नहीं टिके हैं।
मोसाद चीफ की विजिट
रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जंग के दौरान इजरायल के खुफिया एजेंसी मोसाद के डायरेक्टर डेविड बार्निया UAE के कम से कम दो दौरे कर चुके हैं। वहां उन्होंने सैन्य कार्रवाइयों पर समन्वय किया।
एयर डिफेंस शेयरिंग
अमेरिका के इजरायल में राजदूत माइक हकाबी ने मंगलवार को बताया कि इजरायल ने UAE को अपना एयर डिफेंस सिस्टम साझा किया है। जंग के दौरान आयरन डोम बैटरियां और ऑपरेट करने वाले सैन्य विशेषज्ञ UAE भेजे गए। हकाबी ने कहा, “UAE और इजरायल के बीच असाधारण रिश्ता है।”
इसे भी पढ़ें: इजरायल स्थापना दिवस से पहले आई हमास हमले की वीभत्स रिपोर्ट : रोंगटे खड़े कर देंगी 7 अक्टूबर 2023 के पीड़ितों की आपबीती
पिछले संबंधों का बैकग्राउंड
2020 में UAE इस्लामिक देशों में सबसे पहले इजरायल के साथ संबंध सामान्य करने वाला देश बना था। यह अब्राहम समझौते का हिस्सा था। इसके बाद बहरीन, मोरक्को और सूडान भी इसमें शामिल हुए। लेकिन UAE ने इस रिश्ते को और आगे बढ़ाया है और इसे व्यावहारिक गठबंधन की शक्ल दी है। UAE सऊदी अरब से अलग अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बना रहा है। इसी महीने की शुरुआत में उसने सऊदी के नेतृत्व वाले OPEC तेल कार्टल को छोड़ दिया, जिससे संगठन की ताकत कम हुई।
ईरान पर हमले
वाल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, UAE ने खुद भी ईरान पर गुप्त हमले किए हैं। अप्रैल की शुरुआत में लावान द्वीप पर एक रिफाइनरी को निशाना बनाया गया। यह ईरान द्वारा UAE के तेल सुविधाओं पर हमलों का जवाब था। जंग के दौरान दोनों देश ईरान के खतरे के खिलाफ साथ आए दिखे। इजरायल ने UAE को हवाई सुरक्षा दी, जबकि UAE ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी भूमिका निभाई।

















