महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई इलाके से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां आनंद नगर स्थित एक खाली प्लॉट में नरकंकाल मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि पहले भी इस इलाके में मानव कंकाल मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वसई के आनंद नगर स्थित रमा बाई चॉल के पीछे खाली पड़ी जमीन पर रविवार (10 मई) शाम को एक मानव कंकाल मिला। जिस जगह से मानव कंकाल बरामद किया गया, वहां पिछले तीन दिनों से आग लगने की घटनाएं हो रही थी। रविवार को स्कूल की छुट्टी होने की वजह से आसपास के कुछ बच्चे शाम को 6 बजे खाली मैदान में क्रिकेट खेलने लिए पहुंचे, जहां उनकी नजर मानव कंकाल पर पड़ी। बच्चों ने जब पास जाकर देखा तो उन्हें मानव खोपड़ी और कई हड्डियां बिखरी हुई मिलीं। यह मंजर देखकर बच्चे घबरा और उन्होंने घर पहुंचकर तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी।
मानव खोपड़ी, बिखरी हुई हड्डियां और खुले पैसे बरामद
सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, उन्हें खाली पड़ी जमीन पर मानव खोपड़ी और कई हड्डियां बिखरी हुई हालत में मिलीं। खास बात यह है कि इन हड्डियों और कंकाल के पास कुछ खुले पैसे भी मिले। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और आसपास से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया। पुलिस अब यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि ये हड्डियां असल में किसकी हैं और कितनी पुरानी हैं। कंकाल उस प्लॉट पर मिला है, जहां पिछले तीन दिनों से आग लगी थी।
तीन महीने में दूसरी घटना, इलाके की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह पहली बार नहीं है जब आनंद नगर इलाके में इंसानी कंकाल मिला है। ठीक तीन महीने पहले, इसी इलाके की एक बिल्डिंग में पानी के टैंक में मानव कंकाल बरामद किया गया था। उस घटना की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब एक खुले प्लॉट में मानव खोपड़ी और कई हड्डियां मिलीं हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। एक ही इलाके में बार-बार इस तरह की घटनाओं के होने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह इलाका अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है?
पुलिस के सामने मौत का रहस्य सुलझाने की चुनौती
मानिकपुर पुलिस मानव कंकाल का रहस्य सुलझाने के लिए आगे की जांच में जुट गई है। इस कंकाल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा, ताकि मौत का सही कारण और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि संबंधित व्यक्ति की मौत स्वाभाविक थी या उनकी हत्या की गई थी।

















