महाराष्ट्र के नासिक स्थित TCS यूनिट से निकले कार्पोरेट जिहाद का जिन्न एक-एक कर इस्लामिक कन्वर्जन, यौन उत्पीड़न की परतों को खोल रहा है। इसी मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को आतंकवादी संगठन बताते हुए पार्टी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग कर दी है। उन्होंने पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तुलना ओसामा बिन लादेन से की है।
क्या है पूरा मामला?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, नासिक कार्पोरेट जिहाद में धार्मिक कन्वर्जन और यौन उत्पीड़न की मुख्य आरोपी निदा खान को AIMIM के एक कॉर्पोरेटर मतीन माजिद पटेल द्वारा शरण देने के मामले में ये बात कही है। फिलहाल, निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे बीते शुक्रवार को नासिक कोर्ट में पेश किया गया। इसी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नितेश राणे ने AIMIM पर तीखा हमला बोला है।
क्या कहा नितेश राणे ने
नितेश राणे ने कहा, “AIMIM एक आतंकवादी संगठन है। ओसामा बिन लादेन और असदुद्दीन ओवैसी में कोई फर्क नहीं है। जो काम ओसामा बिन लादेन अल-कायदा के जरिए करता था, वही काम असदुद्दीन ओवैसी AIMIM के जरिए कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि AIMIM के विधायकों और सांसदों ने अपने इलाकों में कोई खास काम नहीं किया। उनके मेनिफेस्टो में सिर्फ एक एजेंडा है – जिहाद। उन्होंने कहा कि जैसे PFI पर बैन लगाया गया, वैसे ही AIMIM पर भी बैन लगना चाहिए।
AIMIM की प्रतिक्रिया
राणे के इन बयानों पर AIMIM नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी नेता वारिस पठान ने इन टिप्पणियों की निंदा की और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से नितेश राणे को मंत्री पद से तुरंत हटाने की अपील की। वारिस पठान ने कहा, “ये लोग कौन होते हैं ऐसे बयान देने वाले? हम मुख्यमंत्री से अपील करते हैं कि उन्हें तुरंत मंत्री पद से हटा दिया जाए। ये व्यक्ति मंत्री बनने लायक नहीं है। वो पांच बार के सांसद और उनकी पार्टी के खिलाफ ऐसी भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं। अगर पूछा जाए तो खुद ये कौन हैं?”
















