Sanjeev Arora Arrested ED Raid Punjab : पंजाब के स्थानीय सरकारें एवं संसदीय कार्य मंत्री संजीव अरोड़ा को लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार सुबह से अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर ईडी की रेड चल रही है। सेक्टर दो में अरोड़ा के आवास पर सुबह करीब 20 गाडिय़ों में टीम पहुंची है।
मंत्री संजीव अरोड़ा पर महीने भर में ईडी की दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले उनके लुधियाना के ठिकानों पर दबिश हुई थी। कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी सुरक्षा में तैनात रहे। टीमों ने कई घंटों तक वित्तीय दस्तावेजों, कारोबारी लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की।
यह कार्रवाई कथित फर्जी जीएसटी खरीद, मनी लॉन्ड्रिंग और निर्यात से जुड़े लेनदेन की जांच के तहत की गई। जांच एजेंसी को संदेह है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और जीएसटी रिफंड का लाभ लिया गया।
मामले में दुबई से जुड़े कथित फंड ट्रांजैक्शन और राउंड ट्रिपिंग की भी जांच की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि ईडी अरोड़ा को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जा सकती है। बताया जा रहा है कि आने वाले 24 घंटों में ईडी की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी साझा की जा सकती है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर पंजाब की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

















