वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह भुसौला गांव में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कार्यक्रम में तीन परिवारों के कुल 11 लोगों ने इस्लाम मत छोड़कर सनातन धर्म अपना लिए। यह पूरा आयोजन वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।
रीति-रिवाजों के साथ 11 लोगों ने अपनाया सनातन धर्म
जानकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम धर्म जागरण मंच काशी जिला की ओर से भुसौवला पेट्रोल पंप के पास आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में यज्ञ, हवन और पूजा-पाठ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी लोगों ने विधिवत पूजा में हिस्सा लिया। इसके बाद तिलक लगाया गया और हाथों में कलावा बांधकर उन्हें सनातन धर्म में शामिल किया गया। धर्म परिवर्तन करने वाले लोग मुस्लिम नट बिरादरी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें सफी नट, मुख्तार और वकील के परिवार शामिल हैं। सभी 11 लोगों ने हिंदू धर्म अपनाने के साथ नए हिंदू नाम भी रखे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ और कहीं किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।
सनातन धर्म अपनाने वाले लोगों का कहना है कि उनके पूर्वज कई पीढ़ियों पहले इस्लाम में गए थे, लेकिन उनकी आस्था हमेशा भगवान शिव में रही। उन्होंने कहा कि अब वे अपनी पुरानी परंपराओं और सनातन संस्कृति के अनुसार जीवन जीना चाहते हैं। आगे वे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ करेंगे। इस कार्यक्रम में धर्म जागरण मंच के संयोजक प्रदीप, रामाश्रय, संतोष, आनंद समेत कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। उनका कहना है कि यह सब लोगों की अपनी इच्छा से किया गया है। गांव के कई लोगों ने भी इस आयोजन को शांतिपूर्ण बताया। यह आयोजन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
















