उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एटीएस का कहना है कि यूपी के बाराबंकी का निवासी दानियाल अशरफ उम्र 23 वर्ष और कुशीनगर का निवासी कृष्णा मिश्रा उम्र 20 वर्ष ये दोनों युवक पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के संपर्क में थे। कृष्णा को गोरखपुर और दानियाल को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया है। दोनों देश के संवेदनशील ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे थे।
एटीएस का कहना है कि ये दोनों आरोपी पाकिस्तानी की एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर प्रतिष्ठानों, पुलिस थानों और वर्दीधारी व्यक्तियों पर हमले का षड्यंत्र रच रहे थे। एटीएस की जानकारी में यह आया था कि पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय युवाओं को स्लीपर सेल के रूप में भर्ती कर रहे हैं। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के इशारे पर इन युवाओं को धन का प्रलोभन देकर इस कार्य के लिए उकसाया जा रहा था।
पूछताछ में एटीएस को ज्ञात हुआ है कि ये दोनों युवक, पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। फोन में शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के नंबर मिले हैं। वीडियो कॉल, वॉइस नोट्स, व्हाट्सएप चैट और देश-विरोधी बातचीत के साक्ष्य भी मिले हैं। इन दोनों युवकों की तरफ से हमला करने के लिए धन और हथियार की मांग की जा रही थी। हम्माद ने आबिद जट की पाकिस्तानी डॉन लिखी फोटो भेजी थी। इसकी प्रतियां छपवाकर महत्वपूर्ण जगहों पर चिपकाने के लिए कहा गया था।
शहजाद भट्टी और आबिद जट ने कृष्णा को लक्ष्य दिया था कि किसी वर्दीधारी व्यक्ति को गोली मारकर वीडियो भेजो। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शहजाद भट्टी इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में था। यूपी एटीएस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक तमंचा 315 बोर, 6 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।

















