इस समय देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। इस योजना से जुड़ी हर नई जानकारी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पर दी जाती है, ताकि किसानों तक सही और समय पर सूचना पहुंच सके।
किसानों के खातों में 4.28 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना कृषि मंत्रालय द्वारा चलाई जाती है। अभी देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। उन्होंने किसानों के हित में कई जरूरी फैसले लिए हैं और योजना को बेहतर बनाने की कोशिश की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिल सके। हाल ही में योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई है। 4 मई को एक पोस्ट में बताया गया कि अब तक 22 किस्तों के जरिए किसानों के खातों में 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे भेजी जा चुकी है। यह पैसा बिना किसी बिचौलिये के सीधे किसानों के खाते में जाता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
23वीं किस्त जल्द और फार्मर आईडी जरूरी
इस योजना का फायदा महिलाओं को भी बड़े स्तर पर मिला है। अब तक 2.17 करोड़ से ज्यादा महिला किसानों को इसका लाभ मिल चुका है और उनके खातों में 1.10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी गई है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। सरकार ने यह भी बताया कि पीएम किसान पोर्टल किसानों के लिए बहुत उपयोगी है। इस पोर्टल के जरिए किसान घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, अपनी किस्त की स्थिति देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर मदद भी ले सकते हैं। अब बात करते हैं 23वीं किस्त की। अभी तक सरकार ने इसकी कोई तय तारीख घोषित नहीं की है। लेकिन पिछले रुझानों के अनुसार, हर साल की पहली किस्त जून से अगस्त के बीच जारी होती है। इसलिए उम्मीद है कि इस बार भी किस्त जून, जुलाई या अगस्त की शुरुआत तक आ सकती है। नए किसानों के लिए एक जरूरी नियम भी लागू किया गया है। अब योजना में रजिस्ट्रेशन करने के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। बिना फार्मर आईडी के नए किसान इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगे।















