देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। अब किसानों को योजना की 24वीं किस्त का इंतजार है। ऐसे में किसानों को अपने जरूरी दस्तावेज और अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि किस्त का पैसा मिलने में कोई परेशानी न हो।
ई-केवाईसी जरूर करवाएं
पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरी करना जरूरी है। अगर आपने अभी तक यह काम नहीं करवाया है, तो जल्द पूरा कर लें। इसके लिए आप योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर भी ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
पात्रता की जांच करें
इस योजना का लाभ केवल पात्र किसानों को ही मिलता है। अगर कोई व्यक्ति योजना की पात्रता पूरी नहीं करता है या आवेदन में गलत जानकारी देता है, तो उसे योजना का लाभ नहीं मिल सकता। इसलिए आवेदन करते समय सही जानकारी दें और योजना के नियमों का पालन करें।
आवेदन की जानकारी सही रखें
किसानों को अपने आवेदन में दर्ज नाम, बैंक खाते और दूसरी जरूरी जानकारियों की जांच करनी चाहिए। अगर किसी जानकारी में गलती है या रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती, तो किस्त अटक सकती है। इसलिए समय रहते गलती ठीक करवाएं और अपना लाभार्थी स्टेटस भी चेक करें।
जमीन का सत्यापन करवाएं
पीएम किसान योजना में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन भी जरूरी है। अगर आपका भू-सत्यापन अभी तक पूरा नहीं हुआ है, तो संबंधित कृषि अधिकारी या राजस्व विभाग से संपर्क करें। समय पर यह प्रक्रिया पूरी करवाने से भुगतान से जुड़ी परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है। किसान pmkisan.gov.in पर जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प के जरिए अपने आवेदन और किस्त की स्थिति देख सकते हैं। अगर कोई कमी दिखाई देती है, तो उसे जल्द ठीक करवाएं।













