आगरा : आगरा में कन्वर्जन गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कन्वर्जन गिरोह के तलमीज उर रहमान, परवेज अख्तर, जतिन कपूर और मौलाना हसन को गिरफ्तार किया है। तलमीज, परवेज और जतिन ये तीनों दिल्ली के मूल निवासी हैं। अभियुक्त हसन मोहम्मद राजस्थान का रहने वाला है।
तलमीज़ उर्फ रहमान, लोगों को कन्वर्जन के लिए उकसाता था। इसके साथ ही मौलाना हसन कन्वर्जन के बाद निकाहनामा तैयार कराता था और उस निकाहनामे को प्रमाणित करता था। इस गिरोह से जुड़ा हुआ परवेज अख्तर, हिंदू लड़कियों को दिल्ली में ठहरने की व्यवस्था कराता था। इसी प्रकार जतिन कपूर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों का ब्रेनवॉश कर उन्हें कन्वर्जन के लिए उकसाता था।
कन्वर्जन के इस गिरोह को दाऊद अहमद संचालित कर रहा है। दाऊद विदेश में है, पुलिस, उसको भारत लाने का प्रयास कर रही है। दाऊद ही इस गिरोह की फंडिंग की व्यवस्था करता था। दाऊद की अचल संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर लिया है।
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 3 को दिल्ली से पकड़ा गया और एक को भरतपुर राजस्थान से पकड़ा है। ये चारों अभियुक्त, अवैध कन्वर्जन गिरोह के मास्टर माइंड कलीम सिद्दीकी और अब्दुल रहमान के सहयोगी थे।”
पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो अलग-अलग भूमिकाओं के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इस नेटवर्क से जुड़े हुए जुड़े अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है.

















