काम की खबरें

Aadhaar Card Update: QR कोड से होगी पूरी जानकारी, जानें कैसे काम करेगा?

UIDAI ने हाल ही में नया आधार ऐप लॉन्च किया है और अब आधार कार्ड के डिज़ाइन को भी बदलने की तैयारी चल रही है। यह बदलाव खास तौर पर लोगों की प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

Published by
Mahak Singh

भारत में पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज आधार कार्ड अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। UIDAI ने हाल ही में नया आधार ऐप लॉन्च किया है और अब आधार कार्ड के डिज़ाइन को भी बदलने की तैयारी चल रही है। यह बदलाव खास तौर पर लोगों की प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

अब तक आधार कार्ड पर आपका नाम, पता, जन्मतिथि और 12 अंकों का आधार नंबर साफ-साफ लिखा होता था। जब भी किसी जगह इसकी फोटोकॉपी देनी पड़ती थी, तो यह डर रहता था कि कहीं आपकी निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल न हो जाए। कई बार ऐसा भी देखा गया है कि कुछ संस्थान बिना अनुमति के आधार की कॉपी अपने पास रख लेते हैं, जो सुरक्षा के लिहाज़ से ठीक नहीं है। इसी समस्या को दूर करने के लिए नया आधार कार्ड डिज़ाइन लाया जा रहा है। नए कार्ड में आपकी निजी जानकारी सीधे नहीं दिखेगी। इसमें सिर्फ आपकी फोटो और एक सुरक्षित QR कोड होगा। आपकी सारी जानकारी- जैसे नाम, पता और आधार नंबर इस QR कोड के अंदर सुरक्षित (एन्क्रिप्टेड) रूप में छिपी होगी।

इस QR कोड को सिर्फ अधिकृत मशीन या यूआईडीएआई के आधिकारिक ऐप से ही पढ़ा जा सकेगा। यानी अगर कोई आपकी आधार की फोटोकॉपी ले भी ले, तो वह आपकी जानकारी तक आसानी से नहीं पहुंच पाएगा। इससे धोखाधड़ी और डेटा लीक का खतरा काफी कम हो जाएगा। आज के समय में डेटा की सुरक्षा बहुत जरूरी हो गई है। इसी वजह से सरकार “डिजिटल फर्स्ट” सिस्टम को बढ़ावा दे रही है, ताकि काम तेज और सुरक्षित तरीके से हो सके। “आधार विजन 2032” के तहत इस तरह के बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे कागज पर निर्भरता कम हो और डिजिटल वेरिफिकेशन आसान बने। फिलहाल, जब तक नया कार्ड नहीं आता, लोगों को सलाह दी जाती है कि वे डिजिटल आधार का ज्यादा इस्तेमाल करें। आगे चलकर नया आधार कार्ड भी आसानी से ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकेगा।

Share
Published by
Mahak Singh