खाड़ी युद्ध के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रखा है। लेकिन, अब ट्रंप ने ईरान पर सख्ती बरतते हुए कहा है कि उन्होंने यूएस नेवी को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइन्स लगाने वाली किसी भी नाव को गोली मारकर मारने का आदेश दे दिया है। यह बयान उन्होंने गुरुवार को अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया।
ट्रंप का बयान
ट्रंप ने लिखा, “मैंने यूनाइटेड स्टेट्स नेवी को आदेश दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पानी में माइन्स लगाने वाली किसी भी नाव को, भले ही वह छोटी नाव हो, गोली मार दो। इसमें कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी माइन्सवीपर्स (माइन्स साफ करने वाली नावें) अभी स्ट्रेट साफ कर रही हैं और उन्होंने इस काम को तीन गुना तेज करने का आदेश दिया है। ट्रंप का दावा है कि अमेरिका के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पूरा नियंत्रण है। कोई भी जहाज बिना यूएस नेवी की मंजूरी के न तो अंदर जा सकता है और न बाहर निकल सकता है। उन्होंने लिखा कि स्ट्रेट तब तक पूरी तरह बंद रहेगा जब तक ईरान कोई डील नहीं कर लेता।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का महत्व
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का बहुत जरूरी जलमार्ग है। यहां से दुनिया के करीब 20 फीसदी तेल गुजरता है। इस इलाके में ईरान से जुड़े जहाजों पर अमेरिका ने 13 अप्रैल से ब्लॉकेड लगा रखा है। इस वजह से तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है और गैस की कीमतें भी बढ़ गई हैं।
क्या है पूरा मामला
मामला कुछ यूं है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद की स्थिति से जुड़ा है। दोनों देशों ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और न्यूक्लियर प्रोग्राम को निशाना बनाया था। लड़ाई 8 अप्रैल को युद्धविराम पर रुकी, लेकिन स्ट्रेट खोलने की शर्त पर। ट्रंप ने हाल ही में इस युद्धविराम को बढ़ाया भी है।
ईरान की नौसेना को भारी नुकसान पहुंचा है। अमेरिका का कहना है कि ईरान के 159 नेवल शिप्स अब समुद्र के नीचे हैं। फिर भी ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के पास कुछ छोटी अटैक बोट्स बची हुई हैं, जिनमें मशीन गन लगी होती हैं और ये माइनिंग के काम में इस्तेमाल हो सकती हैं। हाल ही में ईरान ने स्ट्रेट में दो कंटेनर शिप्स जब्त किए और एक पर हमला किया।
माइनिंग और नावों पर कार्रवाई
ट्रंप का यह आदेश उन नावों के खिलाफ है जो स्ट्रेट में माइन्स बिछा रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, IRGC ने इस हफ्ते फिर से कुछ माइन्स लगाए हैं। यूएस माइन्सवीपर्स इन माइन्स को साफ करने में लगी हैं। रिपोर्ट्स कहती हैं कि पूरी सफाई में कई महीने लग सकते हैं। ट्रंप ने साफ कहा कि कोई भी ऐसी नाव जो माइन लगाए, उसे बिना देरी के नष्ट कर दिया जाए।
ईरान के अंदर भी हालात जटिल बताए जा रहे हैं। ट्रंप ने लिखा कि ईरान को यह समझ नहीं आ रहा कि उनका लीडर कौन है। हार्डलाइनर्स और मॉडरेट्स के बीच झगड़ा चल रहा है। ईरान के नए सुप्रीम लीडर के बारे में भी अलग-अलग खबरें हैं, लेकिन ये बातें अभी पुष्टि नहीं हुई हैं।

















