पिछले एक माह से अधिक वक्त से चल रहे अमेरिका ईरान युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट को बंद रखने के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। ईरानी सरकार ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट अब व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह खुला है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके यह घोषणा की। उन्होंने लिखा कि लेबनान में चल रहे सीजफायर के साथ-साथ हॉर्मुज स्ट्रेट में सभी कमर्शियल जहाजों का आवागमन पूरी तरह खुला है। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब मिडिल ईस्ट में चल रही लड़ाई को खत्म करने की उम्मीदें बढ़ रही हैं।
तेल की कीमतें 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आईं
ईरान के इस ऐलान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं हैं। इससे पहले जब ईरान ने स्ट्रेट बंद कर दिया था, तो तेल की कीमतें बहुत बढ़ गई थीं। इससे दुनिया भर में महंगाई बढ़ने और आर्थिक संकट का खतरा पैदा हो गया था। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के करीब एक पांचवें तेल और गैस का रास्ता है।
IRGC से जहाजों को लेनी होगी अनुमति
ईरानी स्टेट टीवी ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि व्यापारिक जहाज तय रूट से ही गुजर सकेंगे और इसके लिए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी की अनुमति जरूरी होगी। IRGC ने अरागची की घोषणा को पूरी तरह सपोर्ट नहीं किया, बल्कि कुछ शर्तों के साथ ही सहमति जताई।
ट्रंप ने किया स्वागत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस खबर का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान ने वादा किया है कि वह स्ट्रेट को फिर कभी बंद नहीं करेगा। ट्रंप ने इसे “दुनिया के लिए बहुत अच्छा और शानदार दिन” बताया। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अपना न्यूक्लियर प्रोग्राम अनिश्चितकाल के लिए रोक देगा और अमेरिका से फ्रोजन फंड्स नहीं लेगा।
ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत इस वीकेंड हो सकती है। उन्होंने रॉयटर्स को बताया कि अमेरिका ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को “न्यूक्लियर डस्ट” कहते हुए उसे वापस लेगा और इसे आराम से अमेरिका ले जाया जाएगा। ईरान की तरफ से इस दावे पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी नेवल ब्लॉकेड ईरानी पोर्ट्स और शिपिंग पर पूरी तरह बनी रहेगी, जब तक डील पूरी नहीं हो जाती।
लेबनान में भी 10 दिन का सीजफायर
लेबनान में भी 10 दिन का नया सीजफायर शुरू हो गया है। यह पहला पूरा दिन है। इजरायल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई रुकी हुई है। इससे पहले इजरायली एयर स्ट्राइक्स में सैकड़ों आम नागरिक मारे गए थे। लेबनान में लोग जश्न मना रहे हैं। बीरूत में कारों पर मैट्रेस लादकर लोग घर लौट रहे हैं।
हिजबुल्लाह के खिलाफ अभी काम नहीं पूरा हुआ
लेकिन इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वीडियो में कहा कि हिजबुल्लाह के खिलाफ काम अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने रॉकेट और ड्रोन खतरे का जिक्र किया। इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनकी सेना लेबनान से पीछे नहीं हटेगी।

















