चमोली: देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने बद्रीनाथ परिसर और बद्रीनगरी का अवलोकन किया। हालांकि, जनरल चौहान अचानक क्यों और कैसे आए इस बारे में ज्यादा कुछ जानकारी नहीं दी गई है।
उनके आगमन पर हेलीपैड पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट एवं थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
श्री बद्रीधाम पहुंचते ही सीडीएस जनरल चौहान ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने सैन्य अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे व्यापक इंतजामों की जानकारी हासिल की। उल्लेखनीय है कि जय बद्रीनाथ विशाल गढ़वाल रेजिमेंट के आराध्य भी है। इन दिनों बद्रीनाथ के द्वार बंद है जोकि 23 अप्रैल को प्रातः 6.25 पर खोले जाने है, इस समय गढ़वाल रेजिमेंट के बैंड भी अपनी प्रस्तुति देते हैं।

















