आगरा। संस्कार भारती की अखिल भारतीय प्रबंधकारिणी की दो दिवसीय बैठक 11–12 अप्रैल को आगरा के होटल ताज हाईट्स में आयोजित हुई। इसमें देश के 11 क्षेत्रों से आए 49 वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में वर्ष भर के संस्कार भारती के नियमित संगठनात्मक गतिविधियों के वृत्त निवेदन के साथ ही वन्देमातरम के 150 वर्ष के अवसर पर देशभर विविध लोक कला शैलियों पर आधारित वंदेमातरम की प्रस्तुति के कार्यक्रम करने का निर्णय हुआ । इसी के साथ ही आगामी वर्ष में पूरे देश भर में संत रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती को समर्पित कार्यक्रम की योजना की गई।
इस बैठक में कला संस्कृति के क्षेत्र में सीएसआर (csr) निधि के प्रावधानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और कला को सीएसआर निधि के विनियोग के प्राथमिकता मिले इस दृष्टि से प्रस्ताव पारित हुआ। प्रबंधकारिणी की इस बैठक में विशेष रूप से केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की गुरु शिष्य परंपरा पर आधारित रेपर्टरी ग्रांट ( Repertory Grant) योजना में इस वर्ष ध्यान में आई अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा हुई और इसके निराकरण की दृष्टि से उचित कार्यवाही करने पर सहमति बनी।
बैठक की अध्यक्षता संस्कार भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष रविंद्र भारती द्वारा की गई। सुप्रसिद्ध लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी जी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांतरंजन जी भी पूरे समय इस बैठक में उपस्थित रहे। सभी मान्यवरों ने “सौहार्द” इस विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया ।

















