चारधाम यात्रा को देखते हुए DGP दीपम सेठ ने यात्रा रूट पर नजर रखने के लिए विभाग के 6 सीनियर अधिकारियों को नियुक्त किया है।उन्होंने कहा कि वे सीधे यात्रा के इंतज़ामों पर नज़र रखेंगे और मौके पर जाकर जांच करेंगे। इसके लिए 2 ADG और 4 IG रैंक के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। डीजीपी ने बताया कि गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग का ADG वी मुरुगेशन निरीक्षण करेंगे।जबकि बद्रीनाथ धाम यात्रा मार्ग की ADG एपी अंशुमन मॉनिटरिंग करेंगे।
उन्होंने बताया कि आईजी विमी सचदेवा हरिद्वार पड़ाव का और आईजी नीलेश आनंद भरणे केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग का निरीक्षण करेंगे। यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग की जिम्मेदारी आईजी अनंत शंकर ताकवाले को दी गई है। ऋषिकेश, लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती, मार्ग की मॉनिटरिंग आईजी सुनील कुमार मीणा करेंगे। डीजीपी ने बताया कि चार धाम यात्रा मार्गों के लिए 7 हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है इसके लिए यात्रा क्षेत्र निर्धारित कर 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत करने के लिए ATS की टीमें भी धामों में तैनात रहेंगी।
चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
DGP श्री सेठ ने बताया कि रास्ते में 80 जगहों पर डिज़ास्टर टीम, 37 जगहों पर SERF और 8 जगहों पर NDRF कंपनियाँ तैनात की गई हैं। गाड़ियों की आसान आवाजाही के लिए 118 पार्किंग की जगहें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग में 52 बॉटल नेक, 109 लैंडस्लाइड जोन, 274 दुर्घटना संभावित क्षेत्र और 61 ब्लैक स्पॉट है जिन पर चौबीस घंटे निगरानी रखी जाएगी। डीजीपी ने बताया कि 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा से पहले सभी अधिकारी पुलिस कर्मियों की तैनाती हो जाएगी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जाकर सभी सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेंगे,उन्होंने बताया कि क्राउड कंट्रोल के हर संभव प्रयास होंगे और यात्रा में जाम की स्थिति पैदा न हो इसके लिए उत्तराखंड पुलिस अपनी कार्ययोजना पर काम करेगी। देहरादून में पुलिस हेड क्वार्टर पर सभी धामों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी।

















