नई दिल्ली: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के एक हॉस्टल के कमरे से पुलिस को कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। पुलिस को हॉस्टल से कारतूस एवं जाली मुद्रा समेत कई सामान मिला है। सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में हॉस्टल के एक कमरे की तलाशी ली थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने सर जियाउद्दीन हॉल हॉस्टल के एक कमरे की तलाशी ली। जहां उन्हें 32 बोर की पिस्टल की गोलियां, 12 बोर के चार कारतूस, जाली मुद्रा, आठ मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर मिले।
एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस कमरे में शेवाज नाम का एक अवैध कब्जेदार रह रहा था। शेवाज कमरे के वैध आबंटियों को जबरन बाहर निकालकर कई महीनों से वहां अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस ने कमरे के वैध आबंटियों में से एक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करके यह जानने की कोशिश की कि आखिर शेवाज किन परिस्थितियों में कमरे पर कब्जा करने में कामयाब रहा।
प्रॉक्टर नावेद खान का कहना है कि हॉस्टल के कमरे से बरामद दस्तावेजों से पता चलता है कि शेवाज ने पहले एएमयू के किसी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया थ। वह नॉन-रेजिडेंट स्टूडेंट था। इसके बाद भी वह छात्रावास में रह रहा था। मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अलीगढ़ के सिविल लाइंस इलाके में गत सोमवार को हुई गोलीबारी की एक घटना की जांच के सिलसिले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से हुई पूछताछ के दौरान शेवाज का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने हॉस्टल स्थित उसके कमरे में छापेमारी की थी।

















