नई दिल्ली: क्या अब अमेरिका और ईरान का युद्ध रुक जाएगा? पूरी दुनिया इसी सवाल का उत्तर जानने की कोशिश कर रही है। 28 फरवरी से शुरू हुआ यह युद्ध अब युद्धविराम की ओर बढ़ गया है। लेकिन अभी दोनों देशों में से किसी ने भी युद्ध को समाप्त करने की घोषणा नहीं की है। हालांकि दो हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा हो चुकी है।
10 अप्रैल को इस्लामाबाद में शुरू होगी US-ईरान की बातचीत
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने बुधवार को अमेरिका के साथ दो हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा की है।ईरानी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का कहना है कि अमेरिका के साथ बातचीत दस अप्रैल को इस्लामाबाद में शुरू होगी। यह बातचीत दस-सूत्रीय योजना पर आधारित होगी। इस योजना के फारसी भाषा वाले संस्करण में परमाणु कार्यक्रम के लिए संवर्धन की स्वीकृति की बात शामिल है। इस बीच जो सबसे अहम बात है वो है कि ईरानी राजनयिकों ने पत्रकारों को जो अंग्रेजी अनुवाद दिया उसमें यह जानकारी छिपाई गई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि दस-सूत्रीय योजना के अंग्रेजी वर्जन में परमाणु कार्यक्रम के लिए संवर्धन स्वीकृति की बात क्यों शामिल नहीं है।
ट्रंप ने ईरान के 10 सूत्रीय योजना को बताया धोखाधड़ी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के 10 सूत्रीय योजना को धोखाधड़ी बताया है। ट्रंप का मानना है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म करना युद्ध का मुख्य लक्ष्य है। ईरान की दस सूत्रीय योजना में कहा गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही ईरानी सेना के समन्वय में होगी। क्षेत्र में रेजिस्टेंस एक्सिस के खिलाफ सभी युद्ध और हमले बंद किए जाएं। अमेरिका को सभी ठिकानों और बेसों से अपनी सेनाएं वापस बुलानी होंगी।
10 सूत्रीय योजना में ईरान को युद्ध भरपाई की बात भी शामिल
ईरान के दस सूत्रीय योजना में होर्मुज में सुरक्षित ट्रांजिट सिस्टम स्थापित करने और ईरान को युद्ध में हुए नुकसान की पूरी भरपाई की बात भी शामिल है। इस योजना में ईरा ने अपने ऊपर लगे सभी प्राथमिक और द्वितीयक प्रतिबंध (सैंक्शन्स) हटाने की बात भी कही है। ईरान के दस सूत्रीय योजना में विदेशों में जब्त की गई ईरान की संपत्तियों को वापस करने की बात भी कही गई है। साथ ही यह बात भी शामिल है कि अमेरिका यह लिखित भरोसा दे कि वह भविष्य में ईरान पर कोई हमला नहीं करेगा।

















