महाराष्ट्र में गोरेगांव के दिंडोशी इलाके में रविवार (5 अप्रैल) रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि धार्मिक जुलूस के दौरान भजन गाने को लेकर यह झगड़ा हुआ। बांग्लादेशी मुस्लिमों के एक गुट ने धार्मिक जुलूस निकाल रहे हिंदू भक्तों पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों को तितर-बितर किया और देर रात आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
जांच में आरोपियों का घर अवैध पाए जाने पर सोमवार (6 अप्रैल) सुबह बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा है कि वह इस घटना के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आज लिखा, “बांग्लादेशी मुस्लिम गुंडों ने कल हिंदू शोभा यात्रा पर हमला किया, जिसमें कई भक्तों को बुरी तरह पीटा गया। इसमें 12 साल का एक नाबालिग भी शामिल था। मैं आज शाम उसी जगह हनुमान चालीसा पाठ में हिस्सा लूंगा।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिंडोशी के संतोष नगर मार्केट इलाके में मरियम माता शोभा यात्रा (धार्मिक जुलूस) के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। बांग्लादेशी मुस्लिमों ने धार्मिक जुलूस का विरोध किया। एक पंडाल में तोड़फोड़ की गई और बजरंग दल के सदस्यों समेत जूलूस में हिस्सा लेने वालों पर हमला किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हमले के दौरान नारे लगाए गए, जिससे हालात और बिगड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

स्थिति को काबू करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया गया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि इस झड़प में बजरंग दल के तीन कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। फिलहाल, जोगेश्वरी के एक ट्रॉमा केयर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद संतोष नगर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि अभी हालात काबू में हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है और आगे की जांच चल रही है। पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
आरोपियों के अवैध घरों को ध्वस्त किया
महानगर पालिका को संतोष नगर इलाके में अवैध कंस्ट्रक्शन की शिकायतें पहले भी मिल चुकी थीं। लेकिन जब पता चला कि हिंदुओं पर हमला करने वाले आरोपी भी यहां अवैध घर बना कर रह रहे थे, तो आज पुलिस की निगरानी में इलाके के सभी अवैध घरों पर बुलडोजर चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सार्वजनिक जगहों को वापस पाने और कानून लागू करने के चल रहे प्रयासों का ही हिस्सा है।















