नई दिल्ली। राजधानी की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारतों में शामिल दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को बड़ी चूक सामने आई। एक नकाबपोश शख्स कार लेकर बैरियर तोड़ते हुए परिसर के अंदर तक जा पहुंचा। इतना ही नहीं, वह विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर की ओर भी बढ़ा। मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुछ दिनों से पंजाब में थी कार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक कार टाटा सिएरा थी। इसका नंबर उत्तर प्रदेश नंबर का है। गाड़ी पीलीभीत जिले के पूरनपुर तहसील क्षेत्र के निवासी सरबजीत सिंह के नाम पर है। हाल ही में 26 फरवरी 2026 को इसका रजिस्ट्रेशन हुआ था। जांच में सामने आया है कि यह कार पिछले कुछ दिनों में पंजाब के विभिन्न इलाकों में घूमती रही थी।
मामला इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि हाल-फिलहाल में पंजाब भाजपा मुख्यालय पर ग्रेनेड से हमला हुआ था और इसके लिंक खालिस्तानी आतंकियों से जुड़ रहे हैं।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे उप्र नंबर की एक कार विधानसभा के गेट नंबर-2 से जबरन अंदर घुस गई। यह गेट वीआईपी एंट्री के लिए इस्तेमाल होता है और आमतौर पर बंद रहता है। उस समय गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे, इसके बावजूद आरोपित बैरिकेडिंग तोड़कर परिसर में प्रवेश करने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपित कार लेकर सीधे विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर की ओर बढ़ा। वहां उसने बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे और फिर उसी रास्ते से वापस फरार हो गया। घटना के वक्त स्पीकर भी विधानसभा परिसर में मौजूद थे।
मौके पर बुलाया गया बम निरोधक दस्ता
आरोपी टाटा सियरा कार में आया था और बाहर निकलने के बाद उसे दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर जाते हुए देखा गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) भी बुलाया गया।
जांच के दौरान गुलदस्ते या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, जिससे फिलहाल राहत की बात है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना सुरक्षा में संभावित सेंध का संकेत है, खासकर ऐसे समय में जब हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वर्ष 2001 में संसद पर हुआ था आतंकी हमला
13 दिसंबर 2001 को संसद पर आतंकी हमला हुआ था। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया था। लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के 5 हथियारबंद आतंकी सफेद एम्बेसडर कार में ‘गृह मंत्रालय’ का फर्जी स्टिकर लगाकर संसद परिसर में घुसे थे।
(इनपुट – हिंदुस्थान समाचार एजेंसी)

















