नई दिल्ली। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने गत दिनों अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दिल्ली विधानसभा का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें आतिशी सिख गुरुओं का अपमान करती दिख रही थीं। इसके बाद पंजाब की जालंधर पुलिस ने एक शिकायत पर मामला दर्ज कर वीडियो की जांच कर इसे टेम्पर्ड बता दिया। इसके बाद कपिल मिश्रा के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया। इस पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने कड़ा संज्ञान लिया है। भाजपा ने भी आतिशी और आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया है।
भाजपा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया कि गजब के फ्रॉड निकले ये आपिए…पहले सदन में गुरुओं का अपमान किया और फिर माफ़ी मांगने के बजाय खुद से ही वीडियो की जांच करके खुद को ही दोषमुक्त कर लिया.
भाजपा की ओर से यह भी कहा गया कि AAP की एक और जालसाजी बेनक़ाब हुई है। पंजाब में दर्ज एफआईआर मामले में दिल्ली विधानसभा के माननीय स्पीकर श्री विजेंद्र गुप्ता ने संज्ञान लिया है। “रिकॉर्डिंग सदन की होने के कारण इसे ‘टेम्पर्ड’ कहना स्वयं सदन की मर्यादा के विरुद्ध है। इस कॉन्स्पिरेसी में जो भी लोग संलिप्त हैं, उनके खिलाफ यह सदन सख्त कार्रवाई करेगा। सदन इस पूरे मामले का विधिवत संज्ञान ले रहा है और पुलिस कमिश्नर जालंधर के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही पर विचार करेगा, क्योंकि उन्होंने सदन की संपत्ति के साथ अनुचित हस्तक्षेप किया है।”
कपिल मिश्रा बोले- आतिशी से बड़ा पाप कर रहे केजरीवाल
कपिल मिश्रा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि केजरीवाल जी , आपकी एफआईआर और पुलिस का डर हमें डरा नहीं सकता। दिल्ली विधानसभा के रिकॉर्ड में वीडियो है और सारी दुनिया ने वीडियो सुना है, उस दिन से आतिशी ने विधानसभा में आने की हिम्मत नहीं की जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कई बार बुलाया। पंजाब पुलिस पंजाब के अपराधों की जांच छोड़कर आपके नेता विपक्ष द्वारा हुए अपराध पर पर्दा डालने का काम कर रहीं है। आतिशी ने गुनाह किया लेकिन उन्हें बचाकर आप उससे भी बड़ा पाप कर रहें हैं।

















