खाड़ी युद्ध के बीच ईरान ने अमेरिका के एक F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान को मार गिराया। इसके बाद अमेरिका ने अपने पायलट को बचाने के लिए ऑपरेशन चलाया और अपने एक पायलट को बचा लिया। इसके साथ ही अब खबर सामने आ रही है कि अमेरिका ने अपने दूसरे पायलट को भी बचा लिया है। लेकिन अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ईरान में फंस गई हैं।
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि शुक्रवार को ईरान के दक्षिणी हिस्से में अमेरिकी वायुसेना का एक F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। यह जंग शुरू होने के बाद अमेरिकी फाइटर जेट का पहला सीधा शॉट डाउन था। F-15E स्ट्राइक ईगल अमेरिका का बहुत ही ताकतवर और भरोसेमंद लड़ाकू विमान माना जाता है। इसमें दो क्रू मेंबर होते हैं – एक पायलट और एक वेपन्स सिस्टम ऑफिसर। विमान गिरने के बाद दोनों क्रू मेंबर पैराशूट से बाहर निकल गए।
ईरानी सीमा के अंदर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज की टीम ईरानी सीमा के अंदर घुसकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। काफी जोखिम भरा मिशन था। आखिरकार दूसरे क्रू मेंबर को भी लोकेट कर लिया गया। दोनों पायलट अब मिल गए हैं, लेकिन पूरी टीम और दोनों क्रू मेंबर अभी भी ईरानी इलाके के अंदर ही हैं। रेस्क्यू के दौरान अमेरिकी टीम और ईरानी फोर्सेज के बीच भारी गोलीबारी हुई। ईरानी सैनिकों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, क्योंकि अगर कोई अमेरिकी पायलट उनके हाथ लग जाता तो ईरान उसे बार्गेनिंग चिप की तरह इस्तेमाल कर सकता था। अमेरिकी सेना का सिद्धांत है – “कोई भी पीछे नहीं छूटेगा”। इसी वजह से वे इतने बड़े खतरे में भी टीम भेज रहे हैं।
ईरानी बलों से घिरी हैं अमेरिकी फौजें
अभी तक रेस्क्यू पूरा नहीं हुआ है। टीम और पायलट ईरानी इलाके में फंसे हुए हैं। निकालने का काम बहुत मुश्किल है क्योंकि आसपास ईरानी बल तैनात हैं और गोलीबारी का खतरा बना हुआ है। अगर निकासी में देरी हुई तो स्थिति और खराब हो सकती है।
यह घटना जंग को और ज्यादा तीखा बनाने वाली है। पहले जंग ज्यादातर प्रॉक्सी के जरिए या मिसाइल हमलों तक सीमित थी, लेकिन अब सीधे अमेरिकी विमान पर हमला हुआ है। अमेरिका के लिए यह बड़ा झटका है।














