हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 3-5 अप्रैल 2026 तक आयोजित हो रहा तीन दिवसीय साहित्यिक-सांस्कृतिक महोत्सव ‘अक्षरम्’ अपने पहले ही दिन भव्यता और उत्साह के साथ शुरू हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में साहित्य, सिनेमा, मीडिया और संस्कृति से जुड़ी देशभर की प्रतिष्ठित हस्तियां हिस्सा ले रही हैं।
महोत्सव का शुभारंभ स्वदेशी हाट के उद्घाटन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अश्विनी महाजन मौजूद रहे। इसके बाद प्रदर्शनी उद्घाटन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने आयोजन को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में चंद्र प्रकाश द्विवेदी, हरियाणा सरकार के मंत्री रणजीत गंगवा, ‘पाञ्चजन्य’ के संपादक श्री हितेश शंकर जी सहित साहित्य अकादमी से जुड़े विद्वान, विश्वविद्यालयों के कुलपति, लेखक, कलाकार और वरिष्ठ पत्रकार शामिल हो रहे हैं। पहले दिन का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला जब बॉलीवुड के मशहूर गायक-संगीतकार अनु मलिक ने मंच संभाला। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। जब उन्होंने फिल्म बॉर्डर का प्रसिद्ध गीत “संदेशे आते हैं…” गाया, तो हजारों विद्यार्थियों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर उनका साथ दिया। यह दृश्य किसी संगीत समारोह से कम नहीं था, जहां हर आवाज एक सुर में देशभक्ति का अहसास करा रही थी। अपने संबोधन के दौरान अनु मलिक ने विद्यार्थियों से खुलकर बातचीत की और उनके सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने मंच से कहा, “मोदी जी बहुत अच्छे इंसान हैं, मैं उन्हें बहुत मानता हूं, जय हिन्द जय भारत।
महोत्सव के दौरान विभिन्न समकालीन विषयों पर संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें साहित्य और सिनेमा, मीडिया की भूमिका, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लेखन, जनरेशन Z के मुद्दे तथा जलवायु परिवर्तन जैसे विषय शामिल हैं। इसके साथ ही कवि सम्मेलन, नाट्य प्रस्तुति, बैंड परफॉर्मेंस और लोक संगीत कार्यक्रम आयोजन को और भी रंगीन बना रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का समापन 5 अप्रैल को होगा, जिसमें राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस पूरे आयोजन का मीडिया पार्टनर ‘पाञ्चजन्य’ है, जो इस महोत्सव को व्यापक स्तर पर प्रचारित कर रहा है।

















