नई दिल्ली: अमेरिका, ईरान और इजराइल का युद्ध भीषण होते जा रहा है। 34 दिन हो गए हैं और कोई भी देश झुकने को तैयार नहीं है। जहां इजराइल और अमेरिका ईरान पर मिसाइलें दाग रहे हैं वहीं ईरान भी पलटवार कर रहा है। इस युद्ध ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है क्योंकि ट्रंप भी साफ कह चुके हैं कि ये लड़ाई अभी नहीं रुकने वाली और लंबी खिचेंगी। इस युद्ध में ईरान साफ कह रहा है कि वो अमेरिका के सामने नहीं झुकेगा और उसकी सेना अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ेगी।
ईरान का कहना है कि वो झुककर अमेरिका के साथ समझौता नहीं करेगा। दूसरी तरफ ताजा रिपोर्ट में इस्राइली रक्षा बलों ने बताया कि ईरानी शासन के कमांडरों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला आईआरजीसी ग्राउंड फोर्सेज का एक बेस और एक मोबाइल कमांड पोस्ट नष्ट हो गया है। ईरान की राजधानी तेहरान पर जारी हमलों के बीच वहां के मेयर के प्रवक्ता अब्दोलमोहर मोहम्मदखानी का कहना है कि अमेरिका व इजराइल के हमले में 33,000 घरों को नुकसान पहुंचा है। 1,869 परिवारों को रहने की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 1,245 परिवारों को 23 अलग-अलग आवासीय परिसरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
ईरान बोला- अमेरिका-इजराइल को हमारे हथियारों के बारे में अधूरी जानकारी
इस बीच ईरान का कहना है कि अमेरिका व इजराइल के साथ आखिरी सांस तक लड़ा जाएगा। खतम-अल अंबिया सैन्य कमांड मुख्यालय का कहना है कि अमेरिका को ईरान की सैन्य शक्ति का अंदाजा नहीं है। हमारी सेना दुश्मन से अंतिम सांस तक लड़ेगी। हमारी सैन्य शक्ति और उपकरणों के बारे में अमेरिका और इजराइल के पास अधूरी जानकारी है। हमारे पास रणनीतिक मिसाइल उत्पादन केंद्र, लंबी दूरी के हमलावर और सटीक निशाना लगाने वाले ड्रोन, आधुनिक हवाई सुरक्षा और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली व विशेष उपकरणों का भंडार है। यह हमलों में नष्ट नहीं हुए हैं। जिन केंद्रों को निशाना बनाया गया वह मामूली थे।
वहीं, इजराइल ईरान के अलावा लेबनान पर भी जोरदार हमला कर रहा है। आईडीएफ ने दक्षिणी लेबनान के पूरे इलाके में हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,318 हो गई। वहीं, हिजबुल्लाह ने इजराइल के खिलाफ अभियान जारी रखने का दावा किया है। इस आतंकी समूह का कहना है कि यह लड़ाई जारी है। हमारे लड़ाके रॉकेटों के जरिए इजराइली सैनिकों को निशाना बना रहे हैं। सीमा पार इजराइली सैनिकों, ठिकानों और बैरकों को भी निशाना बनाया गया है।














