नई दिल्ली: इजरायल ने हिज्बुल्लाह चीफ नईम कासिम के भतीजे यूसुफ हर्शी को मार गिराने का दावा किया है। यूसुफ हर्शी हिज्बुल्लाह चीफ नईम कासिम का निजी सचिव भी था। इजरायल का कहना है कि रात भर लेबनान की राजधानी बेरूत पर किए हमले में हर्शी मारा गया है।
इजरायली सेना के बयान में कहा गया है कि सेना ने बेरूत क्षेत्र में हमला किया और अली यूसुफ हर्शी को मार गिराया है। हर्शी ने हिज्बुल्लाह चीफ के ऑफिस को मैनेज करने और सुरक्षा में केंद्रीय भूमिका निभाई थी। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते के बाद भी इजराइल लेबनान में जोरदार हमले कर रहा है। इजरायल ने लेबनान पर 30 सालों में सबसे बड़ा हमला किया है। 
दरअसल इजरायल साफ कर चुका था कि युद्धविराम समझौते के बाद भी वह हिजबुल्लाह पर जमीनी और हवाई कार्रवाई जारी रखेगा। जिसके बाद लेबनान में फिर से भीषण हमला हुआ और हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया गया।
हिज्बुल्लाह ने भी जवाबी हमला किया है। इस उग्रवादी समूह ने कहा कि उसने अमेरिका-ईरान सीजफायर के उल्लंघन के जवाब में इजरायल की ओर रॉकेट दागे हैं। हिज्बुल्लाह ने एक बयान में कहा कि दुश्मन द्वारा सीजफायर समझौते के उल्लंघन के जवाब में उसके लड़ाकों ने लेबनान की सीमा के पास मनारा के इजरायली किबुत्ज को रॉकेट बैराज से निशाना बनाया। इजरायली सुरक्षा बल (आईडीएफ) ने भी एक पोस्ट में कहा कि बेरूत में बुधवार रात आतंकवादियो के बुनियादी ढांचों पर किे गए हमले में हिजबुल्लाह महासचिव कासिम के निजी सचिव और भतीजे अली यूसुफ हरशी को मार गिराया गया। इजरायली सेना ने कहा कि उसने रात के समय लेबनान में लिटानी नदी के दो मुख्य रास्तों पर हमला किया। इस रास्ते का इस्तेमाल हिजबुल्लाह दक्षिणी लेबनान में हजारों हथियार, रॉकेट और लॉन्चर पहुंचाने के लिए करता था।













