नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नेपाल के नए पीएम बालेंद्र शाह ‘बालेन’ को शपथ लेने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को और अधिक मजबूत करने की बात कही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह नेपाल और भारत के आपसी फायदे के लिए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हैं। गौरतलब है कि रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है।
बालेन नेपाल ने 47वें प्रधानमंत्री बने हैं। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने संविधान के नियमों के तहत बालेन को नेपाल के नए प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ समारोह राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में हुआ। बालेन के साथ उनके मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण हुआ।
पीएम मोदी ने कहा- दोनों देशों की दोस्ती को और अधिक ऊंचाई पर ले जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया साइट X के माध्यम से बालेंद्र शाह को बधाई दी। मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर बालेंद्र शाह को हार्दिक बधाई। आपकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए भरोसे को दर्शाती है। मैं हमारे दोनों देशों की जनता के आपसी फायदे के लिए भारत-नेपाल की दोस्ती और सहयोग को और भी ऊंचाइयों पर ले जाने हेतु आपके साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं।
कौन है बालेंद्र शाह जो बने नेपाल के नए पीएम?
नेपाल के नए पीएम बालेंद्र शाह 35 साल के हैं। उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी है। उन्होंने नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला है। वह देश में पीएम बनने वाले सबसे कम उम्र के नेता हैं। नेपाल में जेन-जी क्रांति के बाद उन्होंने नये प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला है। के पी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार के गिरने लगभग लगभग छह महीने बाद वह नेपाल के नए पीएम बने हैं। दरअसल ओली सरकार को युवाओं के आंदोलन और भीषण प्रदर्शनों ने पद से हटा दिया था। उसी वक्त से नेपाल के युवा बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे थे।
बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 5 मार्च को हुए चुनाव में 275 में से 182 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। बालेन शाह ने चार बार के प्रधानमंत्री रहे केपी शर्मा ओली को उनके ही गढ़ झापा-5 में भारी वोटों से शिकस्त दी थी।बालेन नेपाल के Zen-G के बीच काफी लोकप्रिय हैं। 27 अप्रैल, 1990 को काठमांडू में एक मधेसी परिवार में जन्मे शाह ने भारत में विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने से पहले काठमांडू में अपनी बैचलर डिग्री पूरी की। वह काठमांडू महानगरपालिका के महापौर (मेयर) रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी खासा लोकप्रियता है।

















