फ्लोरिडा, (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच “कई अहम मुद्दों पर सहमति” बनी है और युद्ध खत्म करने के लिए उच्च स्तर पर बातचीत जारी है। वहीं, ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत के दावे को खारिज किया है।
ट्रम्प ने क्या कहा
ट्रम्प ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अमेरिका ईरान की सरकार के एक “शीर्ष व्यक्ति” के संपर्क में है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्ति मोजतबा खामेनेई नहीं हैं, जिनका नाम हाल के दिनों में चर्चा में रहा है।
ट्रम्प के मुताबिक, दोनों देशों के बीच करीब 15 बिंदुओं पर सहमति बनी है। इनमें ईरान का परमाणु हथियार न रखने का वादा भी शामिल है। हालांकि, ईरान पहले भी सार्वजनिक रूप से इस तरह की बात कह चुका है और उसने अमेरिका के साथ किसी औपचारिक बातचीत से इनकार किया है।
ऊर्जा संकट के बीच सप्लाई बनाना चुनौती
राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरानी तेल पर संभावित प्रतिबंधों में ढील को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ऊर्जा संकट के बीच सप्लाई को बनाए रखना है और इससे युद्ध की स्थिति पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
ट्रम्प ने यह भी संकेत दिया कि युद्ध समाप्त होने के बाद भी वह पेंटागन के लिए 200 अरब डॉलर के अतिरिक्त फंड की मांग करेंगे। उनका कहना था कि मजबूत रक्षा तैयारियां हमेशा जरूरी होती हैं।
होर्मुज स्ट्रेट जल्द पूरी तरह खुलेगा
ट्रम्प ने विश्वास जताया कि होर्मुज स्ट्रेट जल्द ही पूरी तरह खुल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि इस अहम समुद्री मार्ग का संचालन अमेरिका और ईरान मिलकर करें।
ट्रम्प के इन बयानों के बाद पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर नई अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि, ईरान की ओर से अब तक इन दावों की पुष्टि नहीं की गई है, जिससे स्थिति अब भी अनिश्चित बनी हुई है।
ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले काे 5 दिनों के लिए टाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी योजना को सोमवार को पांच दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा की। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका की ईरान के साथ अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है और वह अपनी सेना को ईरान के पावर प्लांट और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर किसी भी तरह के सैन्य हमले को टालने का आदेश देंगे।
ईरान ने बातचीत को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के दावे को खारिज किया
ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ किसी भी सार्थक वार्ता के दावे को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात में ऐसी कोई बातचीत नहीं चल रही है। ईरान ने अमेरिकी प्रस्तावों और बयानों को भ्रामक बताते हुए कहा कि ऊर्जा संयंत्रों पर हमले को पांच दिन के लिए टालने की घोषणा महज रणनीतिक चाल है, जिसका उद्देश्य युद्ध के बीच समय हासिल करना और वैश्विक ऊर्जा बाजारों को प्रभावित करना है।
इजरायल ने ईरान पर किया हमला
मीडिया में इस तरह की भी रिपोर्ट आई है कि ट्रम्प द्वारा युद्ध विराम की घोषणा के कुछ देर बाद ही इजरायल ने ईरान पर हमले किए। इजरायल डिफेंस फोर्स ने तेहरान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया।

















