पंजाब वेयरहाउस के अमृतसर के मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई और पूरे मामले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार घिरती दिख रही है। रंधावा ने शुक्रवार देर रात सल्फास निगल लिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वीडियो में उन्होंने परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लिया है। वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लालजीत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया है।
पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच शुरू
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रहीं है। घटना के बाद सांसद गुरजीत सिंह औजला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप गंभीर हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।
कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं भगवंत मान ने कहा कि कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा ले लिया गया है। भुल्लर का विभाग जल्द ही दूसरे मंत्री को दिया जाएगा।
रंधावा की आत्महत्या बहुत दर्दनाक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पंजाब में भ्रष्टाचार की जड़ें पाताल तक जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासनिक अधिकारियों पर सत्ता का इतना दबाव है कि एक डीएम को मंत्री की प्रताड़ना के चलते आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। इस मामले की कड़ी जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। शनिवार को हरियाणा से सटे लहरागागा विधानसभा क्षेत्र में गांव बनारसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने पंजाब की तुलना हरियाणा के विकास मॉडल से की। उन्होंने कहा कि पंजाब में मनरेगा में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है और जब जनता अपना हक मांगती है, तो आंदोलन को लाठी के बल पर दबाया जाता है।
वहीं भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि पहले लोग फिरौती न मिलने की वजह से अपनी जान गंवा रहे थे, लेकिन अब सरकारी मंत्रियों की रिश्वत की मांग पूरी न कर पाने की वजह से अधिकारियों को अपनी जान देनी पड़ रही है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि अमृतसर में वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या बहुत दर्दनाक है और सत्ता में बैठे लोगों के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाती है।














