पंजाब में आतंकी व हथियार तस्करों की गतिविधियां फिर से बढ़ती दिख रही हैं। बुधवार को दो आतंकियों को गिरफ्तार करने के बाद आज पंजाब पुलिस ने 6 हथियार तस्करों को दबोचा है। वे सीमा पार बैठे अपने आकाओं के इशारों पर काम कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के साथ-साथ यूरोप के देश पुर्तगाल तक जुड़े हुए हैं। विदेश में बैठे हैंडलर इन आरोपितों को निर्देश दे रहे थे और इनके जरिए पंजाब में हथियारों की आपूर्ति करवाई जा रही थी।
सोशल मीडिया से जुड़े थे आपस में
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपित सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। उनके निर्देश पर यह गिरोह अलग-अलग इलाकों में हथियारों की सप्लाई करता था।
ड्रोन से हथियारों की तस्करी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप सीमा पार भेजी जाती थी। इसके बाद आरोपित इन हथियारों को उठाकर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाते थे। यह तरीका पिछले कुछ समय में तस्करों द्वारा बड़े पैमाने पर अपनाया जा रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी हुई है।
गैंगस्टर व आतंकी गतिविधियों से प्रयोग होने थे हथियार
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क केवल हथियार तस्करी तक सीमित नहीं था। इसका इस्तेमाल गैंगस्टर गतिविधियों और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाना था। इससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और स्थानीय संपर्कों की पहचान करने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े लिंक की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
गौरतलब है कि पंजाब में हाल के समय में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में इस तरह की कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पकड़े थे दो आतंकी
पंजाब पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया। बठिंडा में काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से दो हथगोले बरामद किए गए हैं। आरोपितों की पहचान बूटा सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपू निवासी गिलवाली, फिरोजपुर और हरमंदर सिंह उर्फ निक्का निवासी मोगा के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथगोले एक अवैध सप्लाई चेन का हिस्सा थे, जिनके तार सीमा पार सक्रिय तत्वों से जुड़े हुए हैं। इनका मकसद राज्य में शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ना था। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके और पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जा सके।

















