दिल्ली के पालम इलाके में आज सुबह करीब सात बजे एक बड़ी आग लग गई। यह आग दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के राम चौक मार्केट के डब्ल्यूजेड ब्लॉक में चार मंजिला इमारत में लगी। इस आग में 9 लोगों की मौत हो गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इमारत के मालिक 70 साल के राजेंद्र कश्यप हैं, जो उस समय गोवा में काम के सिलसिले में गए हुए थे। इमारत में कुल 19 लोग रहते थे। उस वक्त सात लोग बाहर थे, बाकी अंदर थे। आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी। वहां ‘प्रवेश मॉडरेट’ नाम का शोरूम था, जिसमें कपड़े और ब्यूटी प्रोडक्ट्स रखे हुए थे। शोरूम के बेसमेंट और फर्स्ट फ्लोर पर भी सामान भरा था। आग तेजी से फैली और पूरे मकान में धुआं भर गया। ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग फंस गए।
शॉर्ट सर्किट है आग की वजह
पुलिस और फायर ब्रिगेड की शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। इलाके के लोगों का कहना है कि पानी का मोटर चालू छोड़ दिया गया था, उसी से स्पार्क निकला और आग भड़क उठी। आग लगने के बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। एक व्यापारी योगेश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा कॉलेज जाते समय आग देखकर उन्हें फोन किया। वे तुरंत वहां पहुंचे और दूसरे लोगों के साथ शोरूम का शटर तोड़ने की कोशिश की। योगेश कहते हैं कि आग बुझाने में चार-पांच घंटे लग गए।
मोटर चालू छोड़ने की वजह से स्पार्क हुआ
रमेश कुमार नाम के एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि मोटर चालू छोड़ने की वजह से स्पार्क हुआ, यही आग की वजह लग रही है। फायर ब्रिगेड की 30 गाड़ियां और करीब 100 जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी शामिल हुई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मलबा हटाकर कुल 12 लोगों को निकाला गया। इनमें से नौ लोगों को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मरने वालों में एक परिवार के तीन बच्चे भी शामिल हैं। तीन लोग ऊपरी मंजिल से कूदकर बचने की कोशिश में घायल हुए हैं और अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक उस वक्त लोग जागे हुए थे, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्यादातर सो रहे थे और आग लगने पर उन्हें जगाया गया।शाम तक सभी नौ शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा हो गया और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और सरकार की टीम अब पूरी घटना की गहराई से जांच कर रही है।











