देहरादून। बद्री केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को फिर दोहराया कि मंदिर समिति के अधीन सभी देवालयों में गैर हिंदू लोगों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। देवालय परिसर में मोबाइल ले जाने पर भी रोक रहेगी।
6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन
द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यात्रा का शुभारंभ अप्रैल माह में होगा। यमुनोत्री व गंगोत्री के कपाट 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) केदारनाथ 22 अप्रैल और बदरीनाथ 23 अप्रैल को खुलेंगे। अब तक चारों धामों के लिए 6,17,853 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं,जो इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन का संकेत है।
सुविधाओं पर विशेष ध्यान
उन्होंने बताया कि बीकेटीसी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु ₹121 करोड़ से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है। धामों में पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, ट्रांजिट कैंप, आवास ऑनलाइन सेवाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है।
शीतकालीन यात्रा में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए
उन्होंने बताया कि शीतकालीन यात्रा में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर समिति द्वारा तीर्थ पुरोहित कल्याण कोष सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवान और सदस्य प्रल्हाद पुष्पवान मौजूद रहे।

















