पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और पीएम मोदी को घेरने के चक्कर में विवादित बातें बोल जाते हैं। उनके बयान पर अब नया विवाद खड़ा होता दिख रहा है।
पीएम मोदी की जाति पर सवाल उठाने वाले मणिशंकर अय्यर ने इस बार हिंदुओं और सिखों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों से अधिक इन दोनों समुदाय के लोग दो पत्नियां रखते हैं। यही नहीं वह तीन तलाक, पाकिस्तान से बातचीत करने की पैरवी और भारत के टुकड़े होने पर भी उन्होंने विवादित टिप्पणी करने से बाज नहीं आए।
छद्म हिंदुत्व
मणिशंकर अय्यर ने केंद्र सरकार ने जो ‘तीन तलाक’ पर प्रतिबंध लगाया है उसे ‘छद्म हिंदुत्व’ का हिस्सा बताया। उन्होंने तर्क दिया कि मुस्लिम महिलाओं की आजादी का दावा महज एक दिखावा है। अय्यर ने गोपाल सिंह जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला देते कहा कि ‘मुसलमानों की तुलना में हिंदू और सिख अक्सर दो पत्नियां रखते हैं।’
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने तीन तलाक को केवल मुसलमानों को निशाना बनाने के लिए मुद्दा बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने ‘लव जिहाद’ शब्द पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि प्यार और जिहाद दो अलग बातें हैं, प्यार का मकसद कभी बदला लेना (जिहाद) नहीं हो सकता।
प्रधानमंत्री के राम मंदिर उद्घाटन में जाने पर आपत्ति जताई
मणिशंकर अय्यर ने अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी की उपस्थिति पर भी आपत्ति जताई। अय्यर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने सभी शंकराचार्यों को दरकिनार कर खुद मंदिर का उद्घाटन किया, जो धार्मिक और संवैधानिक दोनों लिहाज से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश के प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत रूप से कोई धर्म नहीं होना चाहिए। मंदिर के अनुष्ठान में शामिल होकर उन्होंने इस संवैधानिक नियम का उल्लंघन किया है।
भारत के हो जाएंगे 43 टुकड़े
मणिशंकर अय्यर ने एक गंभीर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ के रूप में स्थापित करने और मुसलमानों को ‘दुश्मन’ दिखाने की कोशिश जारी रही, तो भारत अखंड नहीं रह पाएगा। उन्होंने दावा किया कि ऐसी सोच के कारण देश 43 अलग-अलग राज्यों में बंट जाएगा।
पाकिस्तान से बातचीत की वकालत
जयपुर में मीडिया से बात करते हुए अय्यर ने भारत-पाकिस्तान संबंधों पर भी अपनी पुरानी राय दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ लगातार बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 20 करोड़ मुसलमानों और 5 करोड़ अन्य अल्पसंख्यकों को बाहर रखकर भारत की नींव नहीं रखी जा सकती।
पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी पर सफाई देते हुए मणिशंकर अय्यर ने कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया। अय्यर ने उन विशिष्ट टिप्पणियों से इनकार किया जो अक्सर चुनावी रैलियों में भाजपा उन्हें घेरने के लिए इस्तेमाल करती है।

















