नई दिल्ली: नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक व्यक्ति ने फायरिंग की। इस हमले में वह बाल-बाल बचे। यह घटना तब हुई जब वह जम्मू में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे। अब फारूक अब्दुल्ला ने अपने साथ घटित इस घटना के बारे में खुद बताया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि उन पर हुए हमले के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने फोन कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी।
मुझे फौरन कार में ले जाया गया….
फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, मैं शादी समारोह स्थल से बाहर निकल रहा था। उसी समय मैंने पटाखे की आवाज सुनी। मुझे फौरन एक कार में ले जाया गया। बाद में मुझे बताया गया कि एक आदमी पिस्तौल के साथ था जिसने दो गोलियां चलाईं। मैं न तो आरोपी को जानता हूं, और न ही मुझे उसके बारे में कोई जानकारी है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और स्थानीय पुलिस के जवानों द्वारा अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें बचाने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनके बचाव में जवानों ने जो किया, उसके लिए उनके पास व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह की कृपा से मेरी सुरक्षा मेरे साथ थी और जान बच गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। आरोपी को ग्रेटर कैलाश इलाके के रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला को लोडेड पिस्टल से गोली मारने की कथित कोशिश के बाद पकड़ा गया। घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। आरोपी जम्मू के पुरानी मंडी का रहने वाला है।

















