नई दिल्ली/ शोपियां। सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में नाका-चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और पांच पोस्टर बरामद किए। पोस्टर पर हिजबुल मुजाहिदीन (HM) के निशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि नाका-चेकिंग के दौरान इन तीनों को पकड़ा। तीनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। इनकी पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के तौर पर हुई है। सभी कुलगाम के रहने वाले हैं। आगे की जांच चल रही है। बता दें कि इससे पहले कश्मीरी पंडितों को धमकी मिली थी। इसी के बाद दक्षिण कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार रात तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुगल रोड पर पदपावन के पास संयुक्त सुरक्षाबलों की जांच के दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े पांच पोस्टर बरामद हुए। पोस्टरों पर धमकी लिखी गई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी गतिविधियों और संभावित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की जांच शुरू कर दी है।
















