भारत में आज भी बहुत से लोग सरकारी राशन पर निर्भर रहते हैं। सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ता या मुफ्त अनाज देने के लिए राशन कार्ड की सुविधा देती है। इसके जरिए लोगों को गेहूं, चावल और अन्य जरूरी अनाज मिलता है। लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए कि इस योजना का फायदा सही लोगों तक पहुंचे, सरकार ने राशन कार्ड के लिए ई-केवाईसी जरूरी कर दी है।
ई-केवाईसी क्यों जरूरी है- ई-केवाईसी का मतलब है कि राशन कार्ड धारक की पहचान को आधार कार्ड से मिलाकर जांच करना। इससे सरकार को यह पता चल जाता है कि राशन कार्ड असली व्यक्ति के पास ही है। पहले कई जगहों पर फर्जी राशन कार्ड बन जाते थे या एक ही व्यक्ति के नाम पर कई कार्ड बन जाते थे। इससे कई अपात्र लोग भी सरकारी राशन का लाभ ले लेते थे। ई-केवाईसी करने से ऐसी फर्जी एंट्री हटाने में मदद मिलती है और योजना का फायदा सही लोगों तक पहुंचता है। सरकार समय-समय पर रिकॉर्ड अपडेट करती रहती है। इसलिए अब नियम बनाया गया है कि राशन कार्ड धारकों को हर पांच साल में एक बार ई-केवाईसी अपडेट करनी होगी।
मोबाइल से कैसे करें ई-केवाईसी- अब ई-केवाईसी करना पहले से काफी आसान हो गया है। इसे आप घर बैठे अपने मोबाइल फोन से भी कर सकते हैं। सबसे पहले अपने फोन में Mera KYC और Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें। ये ऐप गूगल प्ले स्टोर पर मिल जाएंगे। इसके बाद Mera KYC ऐप खोलें और अपनी लोकेशन डालें। फिर अपना आधार नंबर और कैप्चा भरें। इसके बाद आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। उस ओटीपी को डालकर आगे बढ़ें। ओटीपी डालने के बाद आपको Face e-KYC का विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही आपके फोन का कैमरा चालू हो जाएगा। अब आपको कैमरे के सामने अपना चेहरा दिखाना होगा ताकि ऐप आपका फेस स्कैन कर सके। फोटो कैप्चर होने के बाद सबमिट का ऑप्शन आएगा। सबमिट करते ही आपकी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- राशन कार्ड की पूरी जानकारी अब मोबाइल पर, UMANG App से मिनटों में चेक करें
स्टेटस कैसे देखें- ई-केवाईसी करने के बाद आप उसका स्टेटस भी देख सकते हैं। इसके लिए फिर से Mera KYC ऐप खोलें और आधार नंबर व ओटीपी डालकर लॉग-इन करें। अगर स्क्रीन पर Y लिखा दिखाई दे तो समझ लें कि आपकी ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। अगर N लिखा हो तो इसका मतलब है कि केवाईसी अभी पूरी नहीं हुई है। अगर किसी के पास स्मार्टफोन नहीं है या मोबाइल से केवाईसी नहीं हो पा रही है, तो वह अपने नजदीकी राशन की दुकान या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी ई-केवाईसी करवा सकता है। वहां आधार कार्ड और राशन कार्ड दिखाकर आसानी से यह काम हो जाएगा।

















