भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्वकप अपने नाम कर लिया। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से बुरी तरह से हराया।
भारतीय टीम ने की रनों की बौछार
न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो रनों की बौछार हो गई। संजू सैमसन ने 46 गेंदों में गगनचुंबी आठ छक्के और पांच चौके के जरिये 89 रन की धुआंधार पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने फाइनल में अपने हाथ खोले और 21 गेंदों में तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से 52 रन ठोंके।
ईशान किशन ने ठोक डाले 54 रन, शिवम का स्ट्राइक रेट 300 से ऊपर
ईशान किशन ने 25 गेंदों में चार छक्कों और इतने ही चौकों के जरिये 54 रन ठोक डाले। हार्दिक पांड्या ने 18 रन बनाए। कैप्टन सूर्य कुमार यादव इस मैच में खाता नहीं खोल सके। वह शून्य पर आउट हुए। शिवम दुबे नौ मिनट क्रीज पर रहे और आठ गेंदे खेलीं। उन्होंने 2 छक्कों और तीन चौकों जरिये 26 रनों की तूफानी पारी खेली। शिवम दुबे का स्ट्राइक रेट 325 रहा। भारत ने पांच विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
रनों का पीछा नहीं कर पाया न्यूजीलैंड
पहाड़ जैसे रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही मैच में पकड़ खोती दिखी। 14 ओवर तक उसके 6 बल्लेबाज 134 रन बनाकर पवैलियन लौट चुके थे। टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों पर पांच छक्कों और 2 चौकों की मदद से 52 बनाए, लेकिन ये रन जीत का आधार रखने के लिए नाकाफी थे। फिन एलेन 9 रन, रचिन रविंद्र 1 रन, ग्लेन फिलिप्स 5 रन, मार्क चैपमैन 3 रन और डैरिल मिचेल 17 रन बनाकर आउट हुए।

















