मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से मानवता को शर्मसार करने का मामला प्रकाश में आया है, जहां हवस में अंधे दरिंदों ने 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला का रेप कर डाला। इसके बाद अपने अपराध को छुपाने के लिए महिला की हत्या करने की कोशिश भी की। हालांकि, वो इसमें कामयाब नहीं हो सके।
क्या है पूरा मामला
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, खंडवा जिले के मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर एक गांव में, पुनासा इलाके में स्थित एक खेत के बीच बनी झोपड़ी में यह वारदात हुई। वृद्धा झोपड़ी में अकेले ही रहती थीं। बताया जाता है कि रात को चार नकाबपोश लोग झोपड़ी में घुसे और उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने महिला को मारने की कोशिश की। दरिंदों ने उन्हें चारपाई समेत कुएं में फेंकने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए और भाग गए। महिला बुरी तरह घायल हो गईं हैं।
पीड़िता के बारे में
पीड़िता की उम्र करीब 90 साल बताई जा रही है। वे खेत में बनी छोटी-सी झोपड़ी में अकेली रहती थीं। घटना के बाद अगले सुबह उन्होंने अपनी बेटी को बताया। बेटी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। अभी महिला अस्पताल में भर्ती हैं, इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
महिला की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 के तहत दर्ज हुआ, जो सामूहिक बलात्कार से जुड़ी है। खंडवा के एसपी मनोज राय ने जानकारी दी कि जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बना दी गई है, जिसका नेतृत्व एक एडिशनल एसपी कर रहे हैं। तीन अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपियों की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है। जांच जारी है और टीमों को गांव-खेतों में छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं।

















