लखनऊ । मौलाना अब्दुल्ला सालिम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर आपत्तिजनक बयान दिया है। इस बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ता और जन साधारण में आक्रोश देखा गया। शनिवार को लखनऊ में मौलाना का पुतला फूंका गया। आक्रोशित लोगों ने उसके पुतले को पैरों से कुचला।
हजरतगंज में निकाली गई मौलाना की शव यात्रा
मौलाना के बयान से आक्रोशित लोगों ने लखनऊ के हजरतगंज में मौलाना की शव यात्रा निकाली। मौलाना की शव यात्रा निकालने के बाद चौराहे पर पेट्रोल डालकर पुतले में आग लगा दी। आक्रोशित भीड़ ने काफी हंगामा किया। मौलाना के खिलाफ लोगों ने नारे लगाए। लोगों की मांग है कि मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया जाय।
अपर्णा बिष्ट यादव ने बयान की निंदा की
भाजपा नेता और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा है कि ” मां का दर्जा किसी भी धर्म में बहुत ऊपर होता है। इस्लाम में भी मां को बहुत बड़ा दर्जा दिया गया है, लेकिन ऐसे पाठ इस मौलाना ने नहीं पढ़े हैं। इस प्रकार की भही टिप्पणी करना बंद करें, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।”
















