अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले में खामेनेई को मार दिया गया। उनकी मौत के बाद देश में नए सुप्रीम लीडर के चयन को लेकर मोजतबा खामेनेई का नाम सामने आ रहा है। लेकिन इस बीच वेनेजुएला के नक्शे कदम पर चलते हुए कहा है कि ईरान के अगले लीडर का चयन वो खुद ही करेंगे।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा, “हम उस प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं जिसमें ईरान के भविष्य का लीडर चुना जाएगा।” मतलब ये कि अमेरिका चाहता है कि ईरान का अगला सुप्रीम लीडर कौन बनेगा, इसमें उसकी भी कुछ कहने की है।
मुझे मोजतबा खामेनेई पसंद नहीं-ट्रंप
ट्रंप का कहना है कि ये अभी उत्तराधिकार की प्रक्रिया शुरुआती दौर में है। लेकिन उन्होंने मोजतबा खामेनेई को लेकर कहा कि वो संभावित उत्तराधिकारी तो लगते हैं, लेकिन, मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता। वहीं एक्सियोस से बात करते हुए ट्रंप ने दो टूक कहा कि मोजतबा खामेनेई उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं है। वह मानते हैं कि अली की ही लाइन पर चलने वाला अगर कोई सुप्रीम लीडर होगा तो अगले पांच साल के बाद फिर से अमेरिका को ईरान के साथ युद्ध करना पड़ सकता है। ट्रंप बोले, “खामेनेई का बेटा मेरे लिए अस्वीकार्य है। हम ऐसा कोई चाहते हैं जो ईरान में सद्भाव और शांति लाए।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये बातें ऐसे समय पर कही है कि जब ईरान में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद उत्तराधिकार को लेकर उथल-पुथल मची हुई है। खामेनेई की मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार भी टलता जा रहा है, जिससे ईरान में सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाया जा रहा है। लोग कह रहे हैं कि जिस तरह विरोध प्रदर्शनों में मारे गए लोगों के परिवारों को अंतिम संस्कार की इजाजत नहीं मिली या मुश्किल से मिली, वैसे ही अब खामेनेई का शरीर कई दिनों से फ्रिज में पड़ा है और दफनाने की इजाजत नहीं मिल रही। कई पोस्ट में व्यंग्य है कि “किस फ्रिज में रखा है”, “कब दफन होगा”, “शरीर सड़ रहा है” वगैरह। कुछ यूजर्स ने तो पुरानी घटनाओं का जिक्र किया कि विरोधियों के शवों को रेफ्रिजरेटेड ट्रक में रखा गया था, अब वही हाल खामेनेई का हो रहा है।
डिफेंस सिस्टम की कमी से जूझ रहा अमेरिका-ईरान का दावा
इस बीच ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बागेर घालिबाफ ने दावा किया है कि अमेरिका के पास एयर डिफेंस सिस्टम की कमी हो गई है, इसलिए वो अब टारगेट चुन-चुनकर हमला कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिकी सैनिकों और हितों को बिना बचाव छोड़ने के नतीजे मिडिल ईस्ट से बाहर भी निकलेंगे। दूसरी तरफ, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने धमकी दी कि अगर अमेरिका ने ईरान में ग्राउंड ट्रूप्स भेजे तो हजारों अमेरिकी मारे जाएंगे या पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा, “ईरान की जमीन पर शैतानों का नाच नहीं चलेगा।”
















