अबू धाबी, (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरानी हमले में यूएई की वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने अब तक 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन का सामना किया है। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से अधिकांश को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया।
मंत्रालय ने कहा कि कुल 165 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 152 को मार गिराया गया, जबकि 13 समुद्र में गिरीं। दो क्रूज मिसाइलों का भी पता लगाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया। 541 में से 506 को इंटरसेप्ट कर ध्वस्त किया गया, जबकि 35 ड्रोन देश के भीतर गिरे, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
हमले के दूसरे दिन सुबह यूएई एयर फोर्स और एयर डिफेंस ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट किया, जबकि आठ मिसाइलें समुद्र में जा गिरीं। इसी दौरान दो क्रूज मिसाइलों और 311 ड्रोन को भी मार गिराया गया। हालांकि, 21 ड्रोन आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने में सफल रहे।
तीन की मौत, 58 घायल
मंत्रालय के अनुसार, इन घटनाओं में पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिकों में से तीन लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा अमीराती, मिस्र, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनानी और अफगान नागरिकों सहित कुल 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के दौरान गिरे मलबे से देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिक संपत्तियों को हल्के से मध्यम स्तर तक नुकसान पहुंचा है।
‘नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सशस्त्र बल किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बयान में जोर देकर कहा गया कि नागरिकों, निवासियों और आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में जारी तनाव के बीच यूएई ने अपनी वायु रक्षा क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने की बात कही है।
अबू धाबी भारतीय घायल, दूतावास ने कहा- खतरे से बाहर
यूएई की राजधानी अबू धाबी में ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। यूएई प्रशासन ने हमले में एक भारतीय के घायल होने की पुष्टि की है। इसके बाद यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है और वे संबंधित भारतीय नागरिक तथा अस्पताल प्रशासन के संपर्क में हैं। दूतावास ने स्पष्ट किया कि घायल भारतीय की स्थिति अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।












