काउंटर इंटेलीजैंस ने जबरन वसूली से संबंधित गोलीबारी की घटनाओं में शामिल बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा समर्थित एक मॉड्यूल के दो मुख्य गुर्गों को एक .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और आठ कारतूसों सहित गिरफ्तार करके इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पंजाब गौरव यादव ने दी।
गढ़शंकर में की थी फायरिंग
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सन्नी और रावल दोनों निवासी गांव कुलम, एसबीएस नगर के तौर पर हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरूआती जांच से पता लगा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अपने विदेशी हैंडलरों-गोपी नवांशहरीया, जस्सी कुलम और सुशांत चोपड़ा, जो बीकेआई से जुड़े के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जांच के अनुसार, आरोपियों ने जबरन वसूली के लिए गढ़शंकर क्षेत्र में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर दो बार गोलीबारी की थी। इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआई जालंधर की टीमों ने जालंधर-अमृतसर हाईवे से जालंधर के सूरानस्सी में लिदड़ां अंडरब्रिज के नजदीक बीकेआई से जुड़े दोनों आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकों की जांच
डीजीपी ने बताया कि इस मॉड्यूल के आगे-पिछले संबंधों का पता लगाने और इसके अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 एवं 61 (2) तथा आर्मज एक्ट की धारा 25 एवं 25(1-बी) (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस पोस्ट पर पुलिस अधिकारियों की हत्या अभी रहस्य
सीमावर्ती जिले गुरदासपुर के दुरंगला पुलिस पोस्ट पर एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या के मामले में जांच के साथ नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। पुलिस अभी इस मामले को लेकर खाली हाथ है परंतु इसकी जिम्मेवारी लेने वाले तहरीक-ए-तालिबान जैसे संगठन के अस्तित्व को नकार रहे हैं। पुलिस इस तथ्य को भी नजरंदाज कर रही है कि उक्त संगठन ने न केवल जिम्मेवारी ली है बल्कि वीडियो भी जारी किया है हत्या का।
गैंगस्टरों की एंट्र
सोमवार सुबह पाकिस्तान से जुड़े वांछित गैंगस्टर शहजाद भट्टी का कथित वीडियो सामने आया, तो शाम तक एक ऑडियो वायरल हो गया। इसी बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सदस्य हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बदला लेने का दावा किया है।
भट्टी ने सुबह हत्या का वीडियो जारी किया, शाम को अफसोस जताया
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के नाम से सोमवार सुबह जारी कत्ल के वीडियो में दिख रहा है कि एएसआई गुरनाम सिंह को सिर से सटाकर गोली मारी गई। एएसआई गुरनाम कुर्सी पर बैठे नींद में नजर आ रहे हैं। इसके बाद पिस्टल पर साइलेंसर लगाकर पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारी गई। इसमें एक आरोपी गोली मार रहा है, जबकि दूसरा वीडियो बना रहा है। इसके बाद सोमवार शाम वायरल एक ऑडियो में शहजाद भट्टी ने घटना पर अफसोस जताते हुए खुद को हमले से अलग बताया और पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उसने कहा कि निर्दोषों पर झूठे केस या कथित फर्जी मुठभेड़ों का असर समाज में दिखता है। हालांकि पुलिस ने वीडियो-ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सत्यता की जांच की जा रही है।
लारेंस के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने की बदला लेने की बात
दूसरी ओर लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने पोस्ट कर दावा किया कि हमारे दो ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने मारा है, बदला लिया जाएगा। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी है।
नहीं था तीसरा जवान
दो कर्मचारियों की हत्या की जांच तेज हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात के समय तीसरा जवान मौजूद नहीं था। वहीं हमले के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम से जिम्मेदारी लेने का पोस्टर वायरल हुआ। गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने कहा कि ऐसे किसी संगठन की सक्रियता की पुष्टि नहीं है और पोस्टर की जांच की जा रही है।
हत्या के बाद हाई अलर्ट जारी
घटना के बाद सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अमृतसर के अजनाला समेत बॉर्डर-संवेदनशील क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है। वायरल सामग्री, गैंग की धमकी और संदिग्ध दावे ने जांच एजेंसियों के सामने हत्याकांड सुलझाने के साथ दुष्प्रचार और संभावित गैंग-आतंकी गठजोड़ की पड़ताल की चुनौती भी खड़ी कर दी है।

















