नई दिल्ली: केरल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को केरल का नाम बदलकर केरलम करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी है। 24 जून, 2024 को केरल विधानसभा ने एकमत से एक प्रस्ताव पास किया था जिसमें केंद्र सरकार से राज्य का नाम बदलकर केरलम करने की अपील की गई थी। इस प्रस्ताव को अब केंद्र की मंजूरी मिल गई है।
बता दें कि अप्रैल-मई के बीच केरल विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में सरकार का ये फैसला अहम माना जा रहा है।

केरल विधानसभा की ओर से राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव को दूसरी बार पारित किया गया था। इससे पहले साल 2023 के अगस्त में केरल विधानसभा ने राज्य का नाम बदलने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर के इसे केंद्र को भेजा था। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए इसमें कुछ तकनीकी बदलाव करने का सुझाव दिया था।
अब केरल के नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। ऑफिशियल रिलीज में कहा गया है कि केरल लेजिस्लेटिव असेंबली की राय मिलने के बाद भारत सरकार केरल का नाम बदलकर केरलम करने के लिए केरल बिल, 2026 को पार्लियामेंट में पेश करने के लिए प्रेसिडेंट से रिकमेंडेशन लेगी।










