लखनऊ यूनिवर्सिटी की लाल बारादरी में नमाज पढ़ने और विरोध प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने स्टूडेंट्स को नोटिस भेजा है। पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका में 13 छात्रों को नोटिस भेजा है। नोटिस में इन छात्रों से 50 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड जमा करने को कहा गया है।
जबरन नमाज व प्रदर्शन से बिगड़ा माहौल
पुलिस ने बताया कि इन सभी छात्रों ने लाल बारादरी के पास पहुंचकर जबरदस्ती नमाज पढ़ने का प्रयास किया। उसके बाद कैंटीन के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। इन छात्रों की गतिविधियों से लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ। इसके साथ ही वहां पर चल रह निर्माण कार्यों में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ। आरोपी छात्रों कि इस तरह की गतिविधियों से तनाव की स्थिति उत्पन हुई। भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोकने के लिए शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पर्सनल बॉन्ड जमा कराए जा रहे हैं।
नमाज पर रोक के बावजूद प्रयास
सहायक पुलिस आयुक्त (महानगर) ने सभी 13 छात्रों को 50 हजार रुपए का व्यक्तिगत मुचलका भरने को आदेश दिया है। इसके साथ ही, प्रत्येक छात्र 50-50 हजार रूपये के दो जमानतदार भी प्रस्तुत करेगा। यह कार्रवाई इसलिए की जा रही है जिससे छात्र दोबारा ऐसी गलती न करें। लाल बारादरी के जर्जर होने और वहां चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए नमाज पर रोक लगाई गई थी। इस दौरान कुछ छात्रों ने वहां पर नमाज पढ़ने का प्रयास किया था। फिलहाल, पुलिस लगातार विश्वविद्यालय परिसर के आस पास गश्त कर रही है।

















