वाराणसी से मेरठ तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर हरदोई में पथराव की घटना हुई। वंदे भारत बृहस्पतिवार को दोपहर में 1.50 बजे लखनऊ से चली थी। करीब साढ़े तीन बजे ट्रेन हरदोई में कोतवाली देहात के कौढ़ा गांव के पास बलोखर फाटक के पास पहुंची थी। उसी समय एक कोच की खिड़की पर जोरदार पत्थर आकर लगा और शीशा चटक गया। यात्री भयभीत हो गए।
उसी ट्रेन में सवार थे डॉ मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी भी उसी वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। उनके कोच पर कोई पत्थर नहीं लगा। सर संघ चालक जी पूरी तरह सुरक्षित हैं और अपने गंतव्य पर पहुंच गए हैं। पथराव की घटना हरदोई जनपद में हुई। इस पत्थरबाजी से ट्रेन की एक खिड़की का शीशा टूटा। पथराव की घटना की जांच जीआरपी कर रही है। जीआरपी का कहना है कि कुछ बच्चे रेलवे ट्रैक के पास क्रिकेट खेल रहे थे। हो सकता है कि क्रिकेट की गेंद लगने से खिड़की का शीशा टूटा हो या फिर बच्चों ने शरारत में ट्रेन पर पत्थर फेंका हो।
जानकारी के अनुसार, सर संघचालक मोहन भागवत जी रात करीब 9 बजे मेरठ स्टेशन पर उतरे। मेरठ में 20 और 21 फरवरी को दो दिवसीय उनका प्रवास है। मेरठ में वह संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे और 28 जिलों के प्रबुद्धजनों से वार्ता करेंगे।










