देहरादून : उत्तराखंड में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाया है। सीएम धामी ने शासन की उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की और शाम को कई जिलों के कप्तान बदल दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने पहले भी कानून-व्यवस्था की लगातार समीक्षा बैठकों के माध्यम से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे और स्पष्ट किया था कि अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। पिछले दो तीन दिनों में हुई हत्याओं के मामले में सीएम धामी ने नाराजगी जाहिर की।
हालांकि हाल की घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को समयबद्ध तरीके से गिरफ्तार किया।मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराध की रोकथाम के लिए केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पूर्व-निवारक रणनीति भी मजबूत की जाए।

इसी क्रम में पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तबादले किए गए हैं। यह कदम पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में विशेष रूप से मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आमजन बिना किसी भय के पुलिस के पास अपनी शिकायत लेकर जाएं और उन्हें त्वरित न्याय मिले।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक मजबूत हो तथा अपराधियों के लिए कोई स्थान न बचे।
हरिद्वार, उधम सिंह नगर,देहरादून, में बढ़ते अपराधों को देखते हुए इन जिलों के कप्तान बदल दिए गए ,चंपावत,पिथौरागढ़, बागेश्वर,रुद्रयाग,के भी पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया गया है जबकि एसटीएफ के प्रभारी अधीक्षक नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी बनाया गया है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल को देहरादून की कमान दी गई है। उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को अभिसूचना में भेजा गया है उनके स्थान पर अजय गणपति को कप्तान बनाया गया है जोकि अभी तक चंपावत के एसपी थे।
















