लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में कांग्रेस सांसदों की ओर से हंगामा किए जाने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक बार फिर कांग्रेस सांसदों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हम लोग विपक्ष में सालों तक रहे, लेकिन कभी भी स्पीकर के सामने न तो कागज फेंका और न ही टेबल पर चढ़े। अगर हमने अपने सांसदों को खुली छूट दी होती तो वहां महाभारत छिड़ जाता।
बीजेपी मारपीट को बढ़ावा नहीं देती: किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि इस वीडियो को उन्होंने गैर-कानूनी तरीके से रिकॉर्ड किया था। बीजेपी नेता ने गुरुवार (12 फरवरी) को एक्स पर लिखा, “यह एक गैर-कानूनी वीडियो क्लिप है, जिसे एक कांग्रेस सांसद ने तब बनाया था जब 20-25 कांग्रेस सांसद माननीय स्पीकर के चैंबर में घुसे, उन्हें गालियां दीं और माननीय प्रधानमंत्री को लेकर भी धमकी दी। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और कभी भी सांसद को मारपीट करने के लिए बढ़ावा नहीं देती।”
‘हम अपने सांसदों को खुली छूट दे देते, तो महाभारत हो जाती’
किरेन रिजिजू ने स्पीकर के चैंबर में विपक्षी सांसदों के हंगामे पर निराशा व्यक्त हुए घटना का वीडियो पोस्ट कर कहा, “अगर हम बीजेपी और एनडीए के सांसदों को भी खुली छूट दे देते, तो वहां महाभारत हो जाती। यह सब देखने में कितना खराब लगता। हम यह सब नहीं चाहते। जब 20-25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए तो मैं भी दौड़कर उनके पीछे गया कि स्पीकर के साथ क्या बदसलूकी की जा रही है। वहां बहुत गाली-गलौच किया गया। प्रियंका गांधी और वेणु गोपाल जी भी वहीं पर थे। उन्होंने गाली नहीं दी, लेकिन इन दोनों की मौजूदगी में कांग्रेस सांसदों ने जमकर गाली गलौच की।”
‘हमने संयम से काम किया’
किरेन रिजिजू के अनुसार कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भी धमकी दी और कहा कि देश के प्रधानमंत्री जब सदन में आएंगे तो देखना हम लोग का क्या करते हैं? यह सब रिकॉर्ड भी हुआ है। हमने संयम के साथ काम किया है। हम लोगों की सहनशक्ति बहुत ज्यादा है। हम कांग्रेस के जैसा व्यवहार नहीं कर सकते। राहुल गांधी कभी नहीं सुधरेंगे, न ही बहुत अच्छी बात करेंगे हमें उनसे कोई उम्मीद नहीं है। हम लोग भी विपक्ष में कई सालों तक रहे हैं, लेकिन कभी भी हमने स्पीकर के सामने न तो कागज फेंका और न ही टेबल पर चढ़े।
कांग्रेस के लोग कभी नहीं सुधर सकते
उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए कहा कि जब हम पार्लियामेंट में नए-नए आए थे। तब आडवाणी जी हमसे नाराज हो गए थे, क्योंकि हम बीच में पहुंच गए थे। एक तरफ विपक्ष होता है और दूसरी तरफ सत्ता पक्ष होता है। हमारे लोग अजमल कसाब को फांसी देनी चाहिए का नारा लगाते हुए जब नीचे की ओर पहुंचे तो आडवाणी जी हमसे बहुत नाराज हो गए। उन्होंने हमें डांटा और कहा कि आप लोग उस तरफ मत जाओ। वो उनकी जगह है, हम लोग अपनी जगह पर बैठकर प्रदर्शन करेंगे। लेकिन यहां तो कांग्रेस पार्टी का नेता ही कह रहा है कि उधर जाओ, उधर जाओ, प्रधानमंत्री की कुर्सी तक जाओ। कांग्रेस के लोग कभी नहीं सुधर सकते और न ही देश की जनता इन पर विश्ववास कर सकती है।
कांग्रेस को अपने सांसदों के घटिया बर्ताव पर गर्व है
इससे पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने मंगलवार (10 फरवरी) को आरोप लगाया था, “कांग्रेस को अपने सांसदों के सबसे घटिया बर्ताव पर गर्व है, अगर हमने सभी बीजेपी सांसदों को नहीं रोका होता और महिला सांसदों को कांग्रेस सांसद से भिड़ने नहीं दिया होता, तो बहुत बुरा सीन होता। संसद की गरिमा और पवित्रता की रक्षा करना हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।”
मैं चुपचाप बैठी हुई थी: प्रियंका गांधी वाड्रा
गाली देने के आरोप का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा करते हुए कहा, “हमने गाली नहीं दी। मैं चुपचाप बैठी हुई थी। हां, ये जरूर है कि एक-दो सांसद भड़क गए थे और उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर भी किया।” वहीं किरेन रिजिजू अपने वीडियो में यह बात स्पष्ट तौर पर कह चुके हैं कि प्रियंका गांधी और वेणु गोपाल ने गाली नहीं दी। उनकी मौजूदगी में अन्य कांग्रेस सांसदों ने गाली-गलौच की थी।

















