देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना एवं टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन की प्रगति के संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं पर तेज गति से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के साथ साथ उत्तराखंड शासन के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के आस-पास के क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और रेल विकास निगम समन्वय के साथ कार्य करे साथ ही इस परियोजना पर एस्केप टनल को समानांतर सड़कों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए। अधिकारियों को कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन के विस्तार की संभावना पर भी कार्य करने हेतु निर्देश दिए।
श्री धामी ने कहा कर्ण प्रयाग ऋषिकेश रेल प्रोजेक्ट का अगला चरण इस योजना के पूरा होने के बाद शुरू होना है। श्री धामी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने उत्तराखंड के पहाड़ों को रेल सुविधाओं देने के लिए 2400 करोड़ का बजट आगामी वर्ष के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि रेल प्रोजेक्ट से पर्यटन को पंख लगेंगे और प्रदूषण भी कम होगा।
















