नई दिल्ली (हि.स.) । संसद में हंगामे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर देश में जानबूझकर अस्थिरता का माहौल बनाने के प्रयास का आरोप लगाया है।
संसद में हंगामे पर भाजपा का विपक्ष पर हमला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी देख रहे हैं कि मीडिया में किस प्रकार सदन में हो रही गतिविधियों को लेकर घमासान मचा हुआ है। पूरे देश में विपक्ष जानबूझकर अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।
राजग सरकार बनने के बाद से संवैधानिक संस्थानों पर हमले का आरोप
उन्होंने कहा कि यह सब आज से नहीं हो रहा, बल्कि जब से भाजपा–नीत राजग की सरकार बनी है, तब से राहुल गांधी, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जॉर्ज सोरोस के इशारों पर देश के संवैधानिक संस्थानों पर गातार हमले कर रहे हैं। ये देश में अस्थिरता फैलाना चाहते हैं।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पात्रा ने कहा कि ममता बनर्जी ने एसआईआर को फर्जी बताकर एक खास तरह का माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह नैरेटिव गढ़ा गया कि एसआईआर फर्जी है, यह चुनावी रोल की शुचिता के लिए नहीं है, यह भाजपा के फायदे के लिए है और यह मसौदा गैरकानूनी है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बताया करारा झटका
भाजपा प्रवक्ता पात्रा ने कहा कि बीते सप्ताह ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि एसआईआर के माध्यम से बंगाल में अत्याचार हो रहा है और इसे तुरंत खारिज किया जाना चाहिए, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने जो निर्णय दिया है वह ममता और उनकी सरकार के लिए करारा झटका है।
एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट टिप्पणी
उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि एसआईआर को रोका नहीं जाएगा। भाजपा प्रवक्ता पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और ममता बनर्जी ने एसआईआर को फर्जी बताने का नैरेटिव गढ़ा।
















