कनाडा में एक और भारतीय की हत्या कर दी गई है। ताजा मामला देश के टोरंटो शहर का है, जहां कर्नाटक के टेक प्रोफेशनल चंदन कुमार राजा नंदकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शनिवार को हुई, जब 37 साल के चंदन कुमार टोरंटो के वुडबाइन शॉपिंग सेंटर में कुछ काम से गए थे, वहीं पर पार्किंग में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस इसे टारगेटेड अटैक मान रही है और हत्या की जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला
चंदन कुमार राजा नंदकुमार मूल रूप से बेंगलुरु रूरल जिले के नेलमंगला के पास थ्यामगोंडलू गांव के रहने वाले थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिता नंदकुमार और मां के साथ उनका परिवार गांव में रहता है। चंदन ने बेंगलुरु के सप्तगिरि कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया था। पहले वे बेंगलुरु में परिचित कंपनी में काम करते थे। करीब छह साल पहले वे कनाडा चले गए थे और ब्रैम्पटन (ग्रेटर टोरंटो एरिया) में रहते थे। वहां वे LTI माइंड ट्री कंपनी (L&T की सब्सिडियरी) में नौकरी कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, चंदन पिछले कुछ समय से शादी की तैयारी कर रहे थे और इस साल गर्मियों में छुट्टी लेकर भारत आने वाले थे। पिता ने बताया कि शुक्रवार को आखिरी बार बात हुई थी, जब चंदन ने घर आने और शादी की प्लानिंग की बात की। कई बार परिवार ने उन्हें वापस भारत बुलाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
इसे भी पढ़ें: क्यों ’11 फरवरी’ है दुनिया की राजनीति में बदलाव का दिन? नेल्सन मंडेला और अरब स्प्रिंग से जुड़ा है इतिहास
घटना कैसे हुई
शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे लोकल टाइम पर चंदन अपनी सफेद SUV में वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के एंट्रेंस के पास बैठे थे। अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने कई राउंड फायर किए, जिससे कार में कई छेद हो गए। हमलावर घटनास्थल से एक गाड़ी में भाग निकले। पुलिस को शूटिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। चंदन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। टोरंटो पुलिस ने इसे टारगेटेड हमला बताया है और जांच जारी है। इंस्पेक्टर एरॉल वॉटसन ने कहा कि मॉल जैसी जगह पर ऐसी घटना से लोगों में डर फैल सकता है, लेकिन जांच चल रही है।
परिवार और कम्युनिटी का दर्द
गांव में चंदन के परिवार वाले सदमे में हैं। पिता ने कहा, “हम पूरी तरह टूट गए हैं।” चाचा मुरली कृष्णा ने बताया कि चंदन ने कनाडा में मेहनत से स्थिर जिंदगी बनाई थी। वे टोरंटो में कन्नड़ कल्चर को प्रमोट करने में काफी एक्टिव थे। कन्नड़ फिल्में, म्यूजिक और कम्युनिटी इवेंट्स में हिस्सा लेते थे। कुछ रिश्तेदारों को लगता है कि कन्नड़ एसोसिएशन बनाने की कोशिशों से उनका कोई कनेक्शन हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी कोई मोटिव नहीं बताया है। कर्नाटक के होम मिनिस्टर जी परमेश्वर ने घटना पर दुख जताया और MEA से संपर्क कर शव वापसी में मदद मांगी। चिक्काबल्लापुरा के MP डॉ. के सुधाकर भी MEA से कोऑर्डिनेट कर रहे हैं। कनाडा में रहने वाले कन्नड़िगा और भारतीय समुदाय में भी काफी शोक है।












