हल्द्वानी। वॉकवे मॉल स्थित सिनेमा हॉल में पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के विद्यार्थियों को आज दूसरे दिन प्रेरणादायी फिल्म ‘गोदान’ दिखाई गई। इस फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदू सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति तथा गो-संस्कृति के महत्व का बोध कराया गया। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
फिल्म प्रदर्शन के बाद विद्यालय प्रबंध समिति के व्यवस्थापक श्याम अग्रवाल जी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है। गाय भारतीय जीवनशैली, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने संस्कारों को समझने और उन्हें अपने व्यवहार में अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि गाय से प्राप्त दूध, दही और घी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक हैं। साथ ही गोबर और गोमूत्र जैविक खेती तथा पर्यावरण संरक्षण में उपयोगी हैं, जिससे प्रकृति का संतुलन बना रहता है। उन्होंने गो-संरक्षण को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए इसके प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने फिल्म से प्रेरणा लेते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और गो-संरक्षण के महत्व को समझने व अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने फिल्म ‘गोदान’ को प्रेरणादायी बताते हुए उसकी सराहना की।

















